गांजे का जाल: 1.5 करोड़ की खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, केले के पत्तों के नीचे छिपा रखा था जहर

आगरा। उड़ीसा से आगरा तक फैले गांजा तस्करी के नेटवर्क पर ट्रांस यमुना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रक में केले के पत्तों के नीचे गांजा छिपाकर सप्लाई करते थे।

May 11, 2025 - 18:38
 0
गांजे का जाल: 1.5 करोड़ की खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, केले के पत्तों के नीचे छिपा रखा था जहर
थाना ट्रांस यमुना में पुलिस की गिरफ्त में तीनों गांजा तस्कर।

तलाशी में बरामद हुए 191 किलो गांजा से उठा पर्दा

पुलिस ने ट्रांस यमुना क्षेत्र में झरना नाले के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में केले के पत्तों के नीचे छिपाकर रखे गए छह कट्टों में 191 किलो गांजा मिला। इसके साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया।

10 हजार रुपये प्रति किलो में होती थी डिलीवरी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा लाकर आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और अलीगढ़ जैसे जिलों में 10 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचते थे। यह अवैध व्यापार उन्हें भारी मुनाफा देता था।

गिरफ्तार आरोपी राजस्थान एमपी के, स्थानीय लिंक भी हुआ बेनकाब

गिरफ्तार आरोपियों में मोनू शर्मा (धौलपुर, राजस्थान) और दीपू गोस्वामी (मुरैना, मप्र) शामिल हैं, जो जीजा-साले हैं। इनके साथ ही आगरा के प्रमोद गोस्वामी का नाम भी सामने आया है, जो पहले से ही 2023 में गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि उसने इस अवैध धंधे से काफी संपत्ति भी बना ली है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की योजना पर काम कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor