ताज नगरी में सजेगी शब्द–सुर–सिनेमा की महफिल: 10–11 जनवरी को इंटरनेशनल ताज साहित्य उत्सव में राजपाल यादव से निशंक तक दिग्गजों का जमावड़ा

ताज नगरी आगरा एक बार फिर साहित्य, सिनेमा और संगीत के राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय संगम की साक्षी बनने जा रही है। 10 और 11 जनवरी को गोयनका साहित्य अकादमी के तत्वावधान में आयोजित होने वाला दो दिवसीय इंटरनेशनल ताज साहित्य उत्सव देश के नामचीन साहित्यकारों, कवि–शायरों, फिल्मी सितारों और शिक्षाविदों की मौजूदगी में आगरा को रचनात्मक चेतना के केंद्र में स्थापित करेगा।

Jan 7, 2026 - 17:17
 0
ताज नगरी में सजेगी शब्द–सुर–सिनेमा की महफिल: 10–11 जनवरी को इंटरनेशनल ताज साहित्य उत्सव में राजपाल यादव से निशंक तक दिग्गजों का जमावड़ा

आगरा। गोयनका साहित्य अकादमी द्वारा जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में आयोजित किए जा रहे इंटरनेशनल ताज साहित्य उत्सव में फिल्म, साहित्य और संगीत की त्रिवेणी बहेगी। इस दो दिवसीय उत्सव में गीत–ग़ज़ल, कविता, शायरी, सिनेमा, शिक्षा और प्रशासन से जुड़े विविध विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उत्सव में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव, फिल्म गीतकार पंछी जालौनवी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लेखक गांव के संस्थापक डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विदेशी मेहमान शायरा डॉ. वाला जमाल और कपिल शर्मा शो फेम शायरा मुमताज़ नसीम की मौजूदगी कार्यक्रम को यादगार बनाएगी।

यह जानकारी आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में ताज साहित्य उत्सव के संयोजक पवन आगरी और समन्वयक पुनीत वशिष्ठ ने दी। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक और 11 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक विभिन्न सत्रों का आयोजन होगा, जिसमें वरिष्ठ हस्तियों के साथ नए और उभरते रचनाकार भी मंच साझा करेंगे।

विशेष सत्रों में ‘कलम का पथ (सृजन से प्रशासन तक)’ में साहित्य से जुड़े वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे, जबकि ‘वायरल मंच के शब्द साधक’ सत्र में डिजिटल दुनिया के चर्चित चेहरे मंच पर जलवा बिखेरेंगे। इन सत्रों का संचालन प्रसिद्ध टीवी एंकर अनुराग मुस्कान, पंकज शर्मा, पीयूष पांडेय और डॉ. कुमार मनोज करेंगे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान और डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय द्वारा किया जाएगा।
भारत सरकार के केबिनेट राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मेजबान सांसद होने के नाते सायंकाल अभिनेता राजपाल यादव के साथ इस उत्सव में पधार रहीं सेलिब्रिटीज को सम्मानित करेंगे।

उत्सव में वरिष्ठ आईएएस डॉ. हरिओम (लखनऊ), पवन कुमार (दिल्ली), डॉ. अखिलेश मिश्रा (लखनऊ) और आलोक यादव (दिल्ली) की सहभागिता कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान करेगी।
आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मार्गदर्शक पूरन डावर, संरक्षक सुरेशचंद्र गर्ग और एडवाइजर कुलदीप ठाकुर ने सभी साहित्य प्रेमियों से इस महोत्सव में सहभागिता का आह्वान किया है।

10 जनवरी के प्रमुख कार्यक्रम

दोपहर 2 बजे उद्घाटन, 2.30 बजे अभिनेता राजपाल यादव को गोयनका साहित्य रत्न अवार्ड, 3.30 बजे से गीत–ग़ज़ल का कारवां, 5.30 बजे फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के साथ फिल्म, साहित्य व संगीत संवाद, सायं 7 बजे बुक लॉन्च व मोमेंटो सेरेमनी कार्यक्रम होगा।

11 जनवरी के प्रमुख कार्यक्रम

सुबह 10 बजे शुभारम्भ, 10.30 बजे डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ को गोयनका साहित्य अकादमी अवार्ड, 11 बजे साहित्य, शिक्षा व राजनीति / शिक्षा गौरव अवार्ड, 12 बजे ‘कलम का पथ—सृजन से प्रशासन तक’, 2 बजे ‘लेखनी के उभरते नक्षत्र’ 3 बजे ‘वायरल मंच के शब्द साधक’ 4 बजे ‘सितारे जमीन पर: सृजन की सच्ची उड़ान’ 5 बजे ‘शायरी के सरताज (अदब की महफिल)’ 6.30 बजे ‘ताजनगरी के चमकते सितारे’ 7 बजे बुक रिकॉग्निशन अवार्ड आदि कार्यक्रम होंगे।

SP_Singh AURGURU Editor