लायंस क्लब प्रयास की नई कमान गीतिका को, सेवा संकल्प के साथ 19वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न

लायंस क्लब प्रयास का 19वां अधिष्ठापन समारोह हरीपर्वत स्थित होटल होलीडे इन में आयोजित हुआ। गीतिका अग्रवाल ने अध्यक्ष, आलोक अग्रवाल ने सचिव और पुनीत बागला ने कोषाध्यक्ष का दायित्व संभाला। समारोह में गीता ओलंपियाड के लिए सहयोग राशि दी गई। वहीं ‘खिचड़ी’ की थीम पर प्रस्तुत हास्य नाटिका में गीतिका अग्रवाल के ‘हंसा’ किरदार ने खूब तालियां और ठहाके बटोरे।

Sep 24, 2026 - 01:08
 0
लायंस क्लब प्रयास की नई कमान गीतिका को, सेवा संकल्प के साथ 19वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न
इस्कॉन आगरा द्वारा आयोजित गीता ओलंपियाड प्रतियोगिता के लिए लायंस क्लब प्रयास की ओर से सहयोग राशि भेंट करते जितेंद्र चौहान।

आगरा। हरीपर्वत स्थित होटल होलीडे इन में लायंस क्लब प्रयास का 19वां अधिष्ठापन समारोह उत्साह, सेवा संकल्प और मनोरंजन के रंगों के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सत्र 2025-26 की कार्यकारिणी ने सत्र 2026-27 की नवगठित टीम को विधिवत दायित्व सौंपा। नई कार्यकारिणी ने सेवा कार्यों को और गति देने तथा समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर योगेश कंसल, डॉ. स्वाति माथुर और संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए नई कार्यकारिणी को आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान सत्र 2025-26 की कार्यकारिणी ने नई टीम को दायित्व सौंपा। निवर्तमान अध्यक्ष रितेश मांगलिक, सचिव सुरभि मित्तल और कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष पुनीत बागला को कार्यभार सौंपा। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी ने क्लब की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि लायंस क्लब प्रयास हमेशा सेवा के उद्देश्य को प्राथमिकता देता रहा है। क्लब का प्रयास जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के साथ शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में सेवा, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और टीम के सामूहिक प्रयास से क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास होगा।

गीता ओलंपियाड के लिए सहयोग

समारोह में सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी पहल की गई। इस्कॉन आगरा द्वारा आयोजित गीता ओलंपियाड प्रतियोगिता के लिए लायंस क्लब प्रयास की ओर से सहयोग राशि भेंट की गई। यह सहयोग राशि शशांक प्रभु को प्रदान की गई। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों और युवाओं में शिक्षा, संस्कार एवं ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने वाली गतिविधियों को प्रोत्साहित करना भी सामाजिक सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने कहा कि लायंस क्लब सेवा को केंद्र में रखकर काम करने वाला वैश्विक संगठन है। प्रत्येक सदस्य का प्रयास होना चाहिए कि जरूरतमंद व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचे। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा कार्यों में निरंतरता, समर्पण और टीम भावना संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम संयोजक अशु मित्तल ने बताया कि क्लब प्रयास की ओर से वर्षभर विभिन्न सामाजिक, सेवा और जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। अधिष्ठापन समारोह केवल पद और दायित्व परिवर्तन का अवसर नहीं, बल्कि आगामी सत्र के सेवा संकल्प को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों से आगामी वर्ष में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

‘खिचड़ी’ की थीम पर हास्य नाटिका ने बांधा समां

नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण और अधिष्ठापन के बाद समारोह का माहौल मनोरंजक हो गया। क्लब सदस्यों ने टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘खिचड़ी’ की थीम पर हास्य नाटिका प्रस्तुत कर सभी को खूब हंसाया। नाटिका में सदस्यों ने अलग-अलग किरदारों को जीवंत करते हुए अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने नाटिका में ‘हंसा’ का किरदार निभाया और अपने अभिनय से खूब तालियां बटोरीं। उनके संवाद और अंदाज ने समारोह में मौजूद अतिथियों एवं सदस्यों को जमकर ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। नाटिका का संचालन निधि लाल ने किया।

समारोह में रूपाली अग्रवाल, मयूरी मित्तल, रीना गर्ग, नंदिनी अग्रवाल, तनुजा मांगलिक, जय अग्रवाल, रचना अग्रवाल और रेशमा मगन सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं अतिथि मौजूद रहे। समारोह में सेवा संकल्प के साथ नई कार्यकारिणी के स्वागत और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।