जॉर्ज का शतक, म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 311 रन चेज कर रिकॉर्ड 10वें फाइनल में भारत

अंडर 19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर टीम इंडिया रिकॉर्ड 10वें फाइनल में पहुंच गई है। वहां भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से होगा।

Feb 4, 2026 - 21:06
 0
 जॉर्ज का शतक, म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 311 रन चेज कर रिकॉर्ड 10वें फाइनल में भारत


नई दिल्ली। अंडर 19 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा टारगेट चेज करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड 3 विकेट खोकर 311 रन चेज कर दिए और 7 विकेट से इस मुकाबले को जीत लिया। इसी के साथ भारत ने रिकॉर्ड 10वीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में जगह बनाई है। टीम इंडिया के लिए इस मैच के हीरो ओपनर आरोन जॉर्ज रहे, जिन्होंने दवाब भरे मुकाबले में शानदार शतक ठोका। फाइनल में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होने वाला है।

टीम इंडिया भले ही अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 311 रन जैसे बड़े स्कोर का पीछा कर रही थी। लेकिन इसके बावजूद पहले ही ओवर से टीम कभी भी दवाब में नजर नहीं आई। सबसे पहले वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों पर 68 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे (62) ने आरोन जॉर्ज का बेहतरीन साथ दिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच 100 से ज्यादा की साझेदारी हुई। टीम इंडिया की जीत से पहले जॉर्ज ने सिर्फ 95 गेंद पर अपना शतक पूरा कर लिया। जॉर्ज 115 रन बनाकर आउट हो गए। आखिर में विहान मल्होत्रा ने 38 और वेदांत त्रिवेदी ने 5 रन बनारक मैच को खत्म किया।
इससे पहले अफगानिस्तान ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 310 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान की इस ऐतिहासिक पारी की नींव ओपनिंग बल्लेबाजों ने रखी, लेकिन बाद में फैसल शिनोजादा और उजईरुल्लाह नियाजाई की शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम इतने बड़े स्कोर तक पहुंची। फैसल शिनोजादा ने सूझबूझ और आक्रामकता का परिचय देते हुए 110 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसने भारतीय खेमे को बैकफुट पर धकेल दिया।
पारी के अंतिम ओवरों में उजईरुल्लाह नियाजाई ने मैदान के चारों ओर बड़े शॉट्स लगाते हुए भारतीय आक्रमण को बेअसर कर दिया और मात्र 86 गेंदों में नाबाद 101 रन कूट डाले। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई 148 रनों की मजबूत साझेदारी की बदौलत अफगानिस्तान अंडर-19 विश्व कप सेमीफाइनल के इतिहास में अपने सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट लिए।
भारत ने अंडर-19 विश्व कप पांच बार जीता है: 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में। वे चार बार उपविजेता भी रहे हैं, सबसे हाल ही में जब वे 2024 में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से हार गए थे।