गिजौली विवाद: दूसरे पक्ष ने फूंका सांसद सुमन का पुतला, सपा और भाजपा सांसदों ने दीं प्रतिक्रियाएं

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गिजौली गांव में जातीय तनाव पर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के गांव दौरे के बाद विरोधी पक्ष ने आज खंदौली के पड़ाव चौराहे पर उनका पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इस पर सुमन ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कमजोर वर्गों को मारोगे और रोने भी नहीं दोगे, ऐसा नहीं चलेगा। इधर भाजपा सांसद नवीन जैन ने पलटवार कर सुमन को सपा से बाहर करने तक की मांग कर दी।

Sep 17, 2025 - 20:40
 0
गिजौली विवाद: दूसरे पक्ष ने फूंका सांसद सुमन का पुतला, सपा और भाजपा सांसदों ने दीं प्रतिक्रियाएं
खंदौली के पड़ाव चौराहे पर बुधवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन पर एकपक्षीय होने का आरोप लगाकर उनका पुतला फूंकते दूसरे पक्ष के लोग।

आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के गिजौली गांव में पिछले कई दिनों से जारी जातीय तनाव फिलहाल थमा हुआ है लेकिन सियासत गरमा गई है। पुलिस इस मामले में एक पक्ष के कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालात का जायजा लेने पहुंचे पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बीती रात गांव का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की थी और संबंधित चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया था। गांव में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी निगाह रखी जा रही है।

बीते कल सपा महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन गिजौली गांव पहुंचे थे और उन्होंने दलित समाज के लोगों से मुलाकात की। इस पर गांव के दूसरे पक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी और आज खंदौली के पड़ाव चौराहे पर सुमन का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि सुमन केवल एक ही पक्ष से मिले और उनकी बात नहीं सुनी।

खुद का पुतला जलाए जाने पर सांसद सुमन ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ओछी मानसिकता के चलते समाज में वैमनस्य फैलाना चाहते हैं। कमजोर वर्गों को मारोगे और रोने भी नहीं दोगे, ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि गिजौली की घटना पर अपराधियों के खिलाफ गुण-दोष के आधार पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता, हर समाज में अच्छे-बुरे लोग होते हैं। सभी जातियों और धर्मों का सम्मान करना और समतामूलक समाज की स्थापना करना ही उनकी राजनीति का आधार है।

इधर भाजपा के राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने भी सुमन पर हमला बोला। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वस्थ नारी एवं सशक्त परिवार कार्यक्रम में पहुंचे नवीन जैन ने कहा कि सांसद सुमन की अब उम्र हो गई है और वह बोलना कुछ चाहते हैं पर बोल कुछ और जाते हैं। उन्होंने कहा कि सुमन पहले राणा सांगा पर बयान देकर विवाद खड़ा कर चुके हैं और अब जाट समाज पर अनुचित टिप्पणी कर रहे हैं। इससे उनकी पार्टी को नुकसान हो रहा है। नवीन जैन ने कहा कि अखिलेश यादव को उन्हें पार्टी से हटा देना चाहिए।

SP_Singh AURGURU Editor