नगर निगम ठेकेदार के ट्रैक्टर से कुचलकर बच्ची की मौत, शव चौकी पर रखा, प्रदर्शन
आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी में आज एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां नगर निगम के ठेकेदार के ट्रैक्टर से कुचलकर एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। बालिका की मौत के बाद भीड़ शव को लेकर ट्रांस यमुना पुलिस चौकी पर पहुंच गई है। पुलिस ने नगर निगम के ठेकेदार को थाने पर बुलाया है।
हादसे में मृत बच्ची तीन साल की है और महादेवी नगर की रहने वाली राजकुमारी की पुत्री थी। यह बच्ची अपनी मां के साथ बाजार आई हुई थी। बच्ची मां की गोद में थी, तभी पुलिया के निर्माण में लगे नगर निगम के ठेकेदार के ट्रैक्टर के ड्राइवर ने बिना देखे ट्रैक्टर को बैक कर दिया, जिससे मां राज कुमारी को टक्कर लगी और बेटी उसकी गोद से गिरकर ट्रैक्टर के नीचे आ गई। ट्रैक्टर बच्ची के ऊपर चढ़ गया।
बच्ची के ट्रैक्टर की चपेट में आने के बाद परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल दौड़े, लेकिन परीक्षण के उपरांत डॊक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्ची के परिजन और आसपास के लोग शव के साथ पुलिस चौकी पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोग नगर निगम के ठेकेदार को पुलिस चौकी पर बुलाने की मांग करते हुए 20 लाख रुपये के मुआवजे की भी मांग कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक लोग शव को पुलिस चौकी पर रखकर प्रदर्शन जारी रखे हुए थे।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले भी ठेकेदार की लापरवाही के कारण एक पेड़ टूटकर गिर चुका है, जिसमें एक ऑटो को नुकसान पहुंचा था। इसके बावजूद ठेकेदार ने अपनी मनमानी से काम करना जारी रखा है। बच्ची की मौत के मामले में नगर निगम के अधिकारी भी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते क्योंकि इस निर्माण कार्य का सुपरविजन करने वाले इंजीनियर ने भी जन सुरक्षा के लिहाज से ठेकेदार से इंतजाम नहीं कराए।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर निगम में शिकायत की है, लेकिन ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार बिना सुरक्षा और बिना डाइवर्जन के निर्माण कार्य कर रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में है।