बाह क्षेत्र में पैर फिसलने से यमुना में गिरी किशोरी तेज बहाव में बह गई 

आगरा। बाह क्षेत्र के थाना पिढौरा क्षेत्र के बलाई घाट पर 15 वर्षीय किशोरी सेल्फी लेते समय अचानक पैर फिसलने से यमुना नदी में जा गिरी। तेज बहाव के चलते वह नदी में बह गई। स्थानीय गोताखोरों ने नदी में तेज बहाव के कारण उसे तलाश करने से मना कर दिया। परिजन पीएसी और एनडीआरएफ के गोताखोरों को बुलाकर किशोरी की तलाश कराए जाने की मांग की है। 

Sep 15, 2025 - 13:35
 0
बाह क्षेत्र में पैर फिसलने से यमुना में गिरी किशोरी तेज बहाव में बह गई 

बताया जाता है कि बलाई घाट 15 वर्षीय किशोरी आज सुबह यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर देखने गई थी। वहां पहुंचकर वह सेल्फी लेने में मशगूल हो गई। इसी दौरान उसका अचानक पैर फिसल गया और वह तेज बहाव के साथ बह रही यमुना नदी में जा गिरी और वह दूर तक बहती चली गई। 

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इधर स्थानीय गोताखोरों ने तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में असमर्थता व्यक्त करने से किशोरी को ढूढा न जा सका। 

इस घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर देखने के लिए क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो रही थी। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी के पास जाते समय सावधानी बरतने की अपील की है। इधर किशोरी के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।