मायावती पालिटेक्निक कालेज की लड़कियां लोगों के उपद्रव से दहशत में, हास्टल किया खाली

ग्रेटर नोएडा। यूपी के ग्रेटर नोएडा में स्थित मायावती गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज की लड़कियां दहशत में हैं। बताया जाता है कि इस कालेज के हास्टल में रहने वाली 187 छात्राओं में से 172 ने तो हास्टल को ही खाली कर दिया है। वे सभी अपने घरों को लौट गई हैं। बताया जाता है कि कल आधी रात को कई अराजक लोग हास्टल में घुस गए और कमरों में ताकाझांकी करने लगे। वे जिस तरह से बातचीत कर रहे थे, उनकी आवाजें भी बेहद डराने वाली थीं। लड़कियों का दावा है कि पिछले एक हफ़्ते में कई बार ये लोग इस तरह की घुसपैठ की घटनाएं कर चुके हैं।

Oct 3, 2024 - 12:14
 0
मायावती पालिटेक्निक कालेज की लड़कियां लोगों के उपद्रव से दहशत में, हास्टल किया खाली


लड़कियों का दावा है कि रविवार की रात हुई घटना और भी ज्यादा डरावनी थी क्योंकि ये लोग लड़कियों के हॉस्टल में घुस गए और उनके कमरों के दरवाजों को भी खटखटाया। अंग्रेजी अखबार द टाइम्स आफ इंडिया से बातचीत में फर्स्ट ईयर की एक छात्रा ने बताया कि कैंपस में कई लोग थे। इनकी उम्र 25-40 साल के बीच की थी। ये लोग लड़कियों के कमरे में ताकाझांकी कर रहे थे। इसके बाद हम लोग बहुत डर गए। 

लड़कियों का आरोप है कि उन्होंने शोर मचाया तो वहां उनकी आवाज सुनने वाला भी कोई नहीं था। इन घटनाओं के बाद से ही हॉस्टल में दहशत का माहौल है। लड़कियां रात को बाहर शौचालय तक जाने से डरती हैं। रात में जाग-जागकर निगरानी करती हैं। इस वजह से एक-एक कमरे में 15-15 लड़कियां तक रहने लगीं। उनका कहना है कि वो हॉस्टल में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती इसलिए उन्होंने हॉस्टल को छोड़ने का ही मन बना लिया। 

इस घटना के बाद छात्राओं ने अगले दिन विरोध प्रदर्शन भी किया। वहीं इस मामले पर पुलिस का कहना है कि छात्राओं से बात की गई है। इस घटना के बाद इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। छात्राओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में कॉलेज प्रशासन से भी बात की गई है। जल्द ही इसे लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मायावती गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज 22 साल पहले बना था। इस कॉलेज में चार हॉस्टल हैं लेकिन, आज तक यहां किसी वॉर्डन की तैनाती नहीं हुई है। कैंपस की सुरक्षा भी पुख्ता नहीं है। सुरक्षा के नाम पर चार गार्ड हैं। इनमें दो दिन में और दो रात को तैनात रहते हैं। ऐसे में अगर एक को छुट्टी लेनी हो तो समस्या और बढ़ जाती है।