आगरा के विकास और पर्यटन को नई रफ्तार, नए विकास मॉडल के लिए पथकर व अवस्थापना समितियों ने दी करोड़ों की मंजूरी
आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को मंडलायुक्त सभागार में पथकर सलाहकार समिति की 40वीं बैठक तथा नगर स्तरीय अवस्थापना विकास समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन, यातायात, अवस्थापना विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।
आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को मंडलायुक्त सभागार में पथकर सलाहकार समिति की 40वीं बैठक तथा नगर स्तरीय अवस्थापना विकास समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन, यातायात, अवस्थापना विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक की शुरुआत पथकर सलाहकार समिति की पिछली बैठकों की अनुपालन आख्या की समीक्षा से हुई। एयरपोर्ट पर वेंडिंग मशीन स्थापित किए जाने के प्रस्ताव पर एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति न मिलने पर आयुक्त ने स्वयं एयरपोर्ट डायरेक्टर से संवाद कर हवाई यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान कराने के निर्देश दिए।
शहीद स्मारक पार्क में चल रहे लाइट एंड साउंड शो की प्रगति की समीक्षा करते हुए कम दर्शक संख्या पर चिंता जताई गई। इस पर आगामी तीन माह तक शो के टिकट निःशुल्क रखने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
ताजमहल और पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं में सुधार
शिल्पग्राम से ताजमहल के पूर्वी गेट होते हुए पश्चिमी गेट तक ट्री फसाड लाइटिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसकी टेस्टिंग और संचालन प्रक्रिया जारी है। रिंग रोड पर बड़े साइनेज बोर्ड लगाने, ताजमहल के पूर्वी व पश्चिमी गेट के लॉकर रूम में बैगेज स्कैनर लगाने हेतु पुलिस विभाग को धनराशि जारी कर दी गई है। एत्माउदौला स्मारक के बाहर स्थित जर्जर कियोस्क को जन सुरक्षा के दृष्टिगत ध्वस्त करने और वहां सड़क चौड़ीकरण व पार्किंग के लिए स्थल चयन हेतु पीडब्ल्यूडी व नगर निगम को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
पुल, सड़कों और शवदाह गृह पर अहम निर्णय
यमुना ब्रिज से बेलनगंज को जोड़ने वाले स्ट्रेची पुल की मरम्मत के लिए रेलवे को पत्र भेजने तथा आंबेडकर पुल के सुदृढ़ीकरण हेतु आईआईटी बीएचयू की रिपोर्ट के आधार पर शासन को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी गई। विद्युत शवदाह गृह पर विद्युत भट्टियों की उपयोगिता बढ़ाने के लिए अज्ञात शवों के दहन वहीं कराने के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए।
ताज वेबसाइट और लाइट एंड साउंड शो पर नाराजगी
ताजमहल की वेबसाइट की समीक्षा के दौरान ऑनलाइन टिकट बुकिंग में आ रही समस्याओं पर मंडलायुक्त ने एएसआई अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई।
आगरा किला के लाइट एंड साउंड शो के टिकट भारतीय पर्यटकों के लिए 300 रुपये से कम करने और ऑनलाइन बुकिंग शुरू कराने पर भी विचार किया गया।
नए विकास प्रस्तावों को मिली हरी झंडी
पथकर सलाहकार समिति के तहत एडीए द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई, जिनमें—
कुबेरपुर इनर रिंग रोड जंक्शन का सौंदर्यीकरण
आगरा इनर रिंग रोड प्रवेश द्वार का विकास
ताजगंज परियोजना का अनुरक्षण
ताजमहल व फतेहपुर सीकरी के लिए एम्बुलेंसों का अनुरक्षण
विद्युत शवदाह गृह हेतु 10 लाख रुपये का भुगतान
नगर निगम, पर्यटन विभाग और पुलिस विभाग के करोड़ों रुपये के कार्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई, जिनमें ताज महोत्सव 2026, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, फायर फाइटिंग सिस्टम, साइनेज बोर्ड और सुरक्षा बूथों की मरम्मत शामिल है।
अवस्थापना विकास समिति में मास्टर प्लान सड़कों को स्वीकृति
नगर स्तरीय अवस्थापना समिति में एडीए द्वारा रौहता नहर किनारे 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क, आरसीसी नाले और सड़कों के निर्माण सहित करोड़ों के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में रहे ये अधिकारी मौजूद
बैठक में एडीए उपाध्यक्ष एम. अरूणमौली, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक हिमांशु गौरव, प्राधिकरण मुख्य अभियंता संजीव कुमार, वित्तीय नियंत्रक शिवनाथ, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय, समिति सदस्य राजीव सक्सेना व राजेश सहित एएसआई, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।