इफ्ट और ताज व्यू अपार्टमेंट में शनिवार को हरियाली तीज पर हुए कार्यक्रमों की एक झलक।
आगरा। हरियाली तीज के पावन पर्व पर आगरा की युवतियों और महिलाओं ने पारंपरिक उत्सव को रंग-बिरंगे अंदाज़ में मनाया। उत्सव में लोक परंपराओं, नृत्य, संगीत, मेंहदी, झूले और खेल प्रतियोगिताओं के जरिए सावन की खुशबू और सौंदर्य को जीवंत किया गया। इस अवसर पर शहर में दो अलग-अलग स्थानों इफ्ट संस्थान और ताज व्यू अपार्टमेंट—पर हुए आयोजनों ने पर्व को यादगार बना दिया।
इफ्ट संस्थान में नृत्य-संगीत और मेंहदी की रंगत में सराबोर छात्राएं
इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (इफ्ट), आगरा की छात्राओं ने हरियाली तीज उत्सव को पूरे पारंपरिक उल्लास और रचनात्मकता के साथ मनाया। छात्राओं ने एक-दूसरे को मेंहदी लगाई, पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया और रंगारंग खेलों में भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजक सौम्या कौशल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का संचालन किया, जिनमें मेंहदी प्रतियोगिता, तंबोला और अन्य रचनात्मक खेल शामिल रहे।
मेंहदी प्रतियोगिता में शिखा विजेता रहीं, जबकि स्नेहा, कल्पना और सौम्या अन्य खेलों की विजेता घोषित हुईं। कार्यक्रम के अंत में संस्थान निदेशक विनीत बवानिया, सोनालिका बवानिया और विशिष्ट अतिथियों डॉ. महेश धाकड़, अविनाश वर्मा (फिल्म निर्देशक), अंकित आनंद (सॉफ्टवेयर इंजीनियर) द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर डॉ. दीपक गुप्ता (इंटीरियर डिपार्टमेंट) और कृति सिंह (फैशन डिजाइनिंग) का भी विशेष योगदान रहा।
ताज व्यू अपार्टमेंट में सखियों संग झूला, नृत्य और गेम्स में बीता सावन का शनिवार
शनिवार शाम जमुना किनारे स्थित ताज व्यू अपार्टमेंट में महिला मंडल द्वारा हरियाली तीज का पर्व पारंपरिक जोश के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद महिलाओं ने विभिन्न पारंपरिक खेलों में भाग लिया और बच्चियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को झूला झुलाया और हरियाली तीज की परंपराओं को सहेजते हुए एक-दूसरे के साथ प्रेमपूर्वक समय बिताया।
आयुषी गुप्ता को इस आयोजन की तीज क्वीन चुना गया।
कार्यक्रम में निशा पालीवाल, छाया गुप्ता, सीमा गुप्ता, प्रीति जैन, ललिता गोयल, मीनाक्षी बंसल सहित अन्य महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता की।