एक्मा का स्वर्णिम स्थापना दिवस: हवन–यज्ञ के बीच आगरा के कपड़ा कारोबारियों ने मनाया 50 वर्ष का गौरव
थोक कपड़ा कारोबारियों के प्रमुख संगठन आगरा क्लाथ मर्केंटाइल एसोसिएशन (एक्मा) ने शनिवार को अपने ‘स्वर्णिम स्थापना दिवस’ पर मुखर्जी मार्केट स्थित कार्यालय में वैदिक हवन–यज्ञ का आयोजन कर व्यापारियों की समृद्धि, सुरक्षा और उन्नति की कामना की। 6 दिसंबर 1976 को स्थापित एक्मा अपने पचासवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और इसी उपलक्ष्य में पदाधिकारियों, थोक व्यापारियों और संस्थापकों की उपस्थिति में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।
आगरा। थोक कपड़ा व्यापारियों के प्रमुख और सबसे पुराने संगठन आगरा क्लाथ मर्केंटाइल एसोसिएशन (एक्मा) ने अपने स्वर्णिम स्थापना दिवस पर शनिवार को भव्य हवन–यज्ञ का आयोजन किया। कार्यक्रम का स्थल मुखर्जी मार्केट स्थित एक्मा कार्यालय रहा, जहां सुबह से ही वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच व्यापारियों ने आहुति अर्पित कर सुख–समृद्धि की मंगल कामना की।
एक्मा ने पूरे प्रदेश में बनाया अलग मुकाम- टीएन अग्रवाल
कार्यक्रम में एक्मा अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल और महासचिव संजय अग्रवाल ने मुख्य पूजा संपन्न कराई। अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल ने कहा कि एक्मा की पहचान आज पूरे प्रदेश में है। कपड़ा कारोबारियों की हर समस्या में संगठन की उल्लेखनीय भूमिका रहती है। व्यापारियों को अपने आत्मसम्मान के संरक्षण की अनुभूति आज एक्मा के बैनर तले ही मिलती है।
संस्थापक सदस्य अशोक गोयल ने सुनाया 50 वर्ष पुराना इतिहास
एक्मा के संस्थापकों में से एकमात्र जीवित समाजसेवी अशोक गोयल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने एक्मा के गठन का उद्देश्य, संघर्ष और शुरुआती दौर का इतिहास साझा किया, जिसे सुनकर सभी व्यापारी भावुक और उत्साहित दिखे।
पूरे कार्यक्रम में कपड़ा मार्केट के पदाधिकारी और व्यापारी शामिल रहे। सर्वसम्मति से व्यापार में पारदर्शिता, एकता और विकास की कामना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों में कपड़ा कारोबारियों की सामाजिक संस्था श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल, अनिल अग्रवाल और राजीव अग्रवाल तथा एक्मा की ओर से अशोक अरोड़ा व राजकुमार जैन मौजूद रहे। हवन में आहुति अर्पित करने वाले पदाधिकारियों में वृजकिशोर अग्रवाल (उपाध्यक्ष), माधव अग्रवाल, ताराचंद गोयल (कोषाध्यक्ष), राजीव गुप्ता (मंत्री), विशनू जैन, महेश गोयल, रवि बंसल और नंदकिशोर गोयल आदि शामिल थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारियों ने संगठन की एकता एवं नेतृत्व को मजबूत रखने का संकल्प लिया।