खेल दिवस पर गुड न्यूजः आगरा को एक-दो साल के भीतर मिल जाएगा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम
आगरा। आगरा को आने वाले एक से दो साल के भीतर अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम मिलने जा रहा है। इसके लिए प्रदेश से लेकर केंद्र तक गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस राष्ट्रीय खेल दिवस पर एकलव्य स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा के शुभारंभ के मौके पर फतेहपुर सीकरी के सांसद राज कुमार चाहर ने यह जानकारी दी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर और एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।
-सांसद खेल स्पर्धा के शुभारंभ समारोह में सांसद राज कुमार चाहर ने दी जानकारी
दीप प्रज्ज्वलन और मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी व सीडीओ प्रतिभा सिंह ने जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। उपस्थित खिलाड़ियों व युवाओं को फिट इंडिया की शपथ दिलाई गई।
मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का राष्ट्रीय खेल दिवस पर लखनऊ से प्रसारित कार्यक्रम भी दिखाया गया। इसमें सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के 88 पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री के संबोधन का भी सीधा प्रसारण हुआ।
मोदी सरकार की पहल से बढ़ा खेलों का सम्मान : एसपी सिंह बघेल
केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने इस मौके पर कहा कि मेजर ध्यानचंद की स्मृति में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसे अभियान से भारतीय खिलाड़ी अब कॉमनवेल्थ, एशियाड और ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहली बार लाल किले से प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया का नारा दिया। अब भारत में हर स्तर पर खिलाड़ियों को अवसर मिल रहे हैं। आने वाले समय में इन्हीं बच्चों में से मेजर ध्यानचंद, सचिन तेंदुलकर और पीटी उषा जैसे खिलाड़ी निकलेंगे।
खेल से मिलता है वैश्विक पहचान : सांसद चाहर
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि खेलों में उपलब्धि की कोई सीमा नहीं होती। खिलाड़ी जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतते हैं तो वे देश का नाम रोशन करते हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति में पद मिलने पर देशवासी पहचानते हैं, लेकिन खिलाड़ी को पूरी दुनिया जानती है। लक्ष्य तय करके आगे बढ़ने वाला कभी असफल नहीं होता। मेजर ध्यानचंद की स्मृति हमें नया संकल्प देती है।
सांसद खेल महोत्सव का होगा भव्य आयोजन
29 से 31 अगस्त तक आगरा में सांसद खेल महोत्सव आयोजित होगा। इसमें जिम, पावरलिफ्टिंग, टेबल-टेनिस, बैडमिंटन, कुश्ती, शूटिंग, जिमनास्टिक्स, जूडो सहित विभिन्न खेल शामिल रहेंगे।
दो हजार खिलाड़ी उठा रहे लाभ
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि 400 खिलाड़ी इनडोर खेलों (जिम, पावरलिफ्टिंग, टेबल-टेनिस, बैडमिंटन, कुश्ती, शूटिंग) में हिस्सा ले रहे हैं। दो हजार पंजीकृत खिलाड़ी आउटडोर खेलों की अवस्थापनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी अजय नारायण सिंह, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव, डीपीआरओ मनीष कुमार, पीडी डीआरडीए रेणु कुमारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।