रूफटाप सोलर पावर प्लांट के लिए अच्छा मौका, 300 यूनिट फ्री बिजली भी मिलेगी

आगरा। पीएम सूर्य घर रूफटाप सोलर पावर प्लांट योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। यूपीनेडा के प्रभारी परियोजना अधिकारी एनके सिंह ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने में केंद्र सरकार की तरफ से 78 हजार और राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपए तक की सब्सिडी भी दी जा रही है। 

Oct 27, 2024 - 18:18
 0
रूफटाप सोलर पावर प्लांट के लिए अच्छा मौका, 300 यूनिट फ्री बिजली भी मिलेगी

पीएम सूर्य घर योजना में एक किलोवाट क्षमता वाले सोलर पैनल के लिए केंद्र सरकार द्वारा 30 हजार रुपये, दो किलोवाट क्षमता वाले सोलर पैनल के लिए 60 हजार रुपये, जबकि तीन या उससे अधिक किलोवाट क्षमता वाले सोलर पैनल के लिए 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। 

इसमें 50 प्रतिशत केंद्र सरकार और 25 प्रतिशत प्रदेश सरकार की ओर से सब्सिडी है। इससे औसत क्रमशः 0-150 यूनिट, 150-300 यूनिट और 300 यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। सरकार की यह योजना बिजली की किल्लत को कम करने में कारगर कदम साबित हो रही है। 

महानगरों को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के बाद योगी सरकार का लक्ष्य ग्रामीण इलाकों को सोलर ग्राम के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य करेगी।

आगरा में 30 हजार तो मथुरा में 40 हजार सोलर प्लांट लगने हैं

इस योजना के तहत आगरा जिले में जहां 30 हजार प्लांट लगाने का लक्ष्य मिला है, वहीं आगरा मंडल के मथुरा जनपद के लिए यह लक्ष्य 40 हजार रूफटॉप सोलर पावर प्लांट लगाने का है। 
यूपीनेडा की इस योजना के अंतर्गत अब तक मथुरा में 17,640 लोगों ने पंजीकरण कराया है। जिनमें से 2330 उपभोक्ताओं के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके है। इनमें से 290 उपभोक्ताओं के सोलर पावर प्लांट लग चुके हैं और 230 के कनेक्शन की मंजूरी दे दी गई है। वहीं 152 उपभोक्ताओं को सब्सिडी भी प्राप्त हो चुकी है। 

फिरोजाबाद में भी 40 हजार का लक्ष्य

इसी प्रकार जनपद फिरोजाबाद में 40 हजार रूफटॉप सोलर पावर प्लांट लगाने का लक्ष्य मिला है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 17,280 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इसमें से 1789 उपभोक्ताओं के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके है। इनमें से 248 उपभोक्ताओं के सोलर पावर प्लांट लग चुके हैं और 201 के कनेक्शन की मंजूरी दे दी गई है। 126 उपभोक्ताओं को सब्सिडी भी प्राप्त हो चुकी है। 

मैनपुरी में 15 हजार सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे

जनपद मैनपुरी में 15 हजार रूफटॉप सोलर पावर प्लांट लगाने का लक्ष्य मिला है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 14481 लोगों ने पंजीकरण कराया है। जिनमें से 1387 उपभोक्ताओं के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके है। इनमें से 213 उपभोक्ताओं के सोलर पावर प्लांट लग चुके हैं और 191 के कनेक्शन की मंजूरी दे दी गई है। वहीं 135 उपभोक्ताओं को सब्सिडी भी प्राप्त हो चुकी है।

SP_Singh AURGURU Editor