छत्रपति शिवाजी महाराज को नमन करने को आगरा में जुटे राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य राजनीतिक दिग्गज
छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर आगरा गुरुवार को राष्ट्रीय स्तर के वीआईपी जमावड़े का साक्षी बना। ऐतिहासिक आगरा किले में आयोजित भव्य राष्ट्रीय शिवजयंती उत्सव में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व प्रदान किया।
आगरा। 19 फरवरी 2026 को आगरा किला के ऐतिहासिक परिसर में छत्रपति संभाजीनगर स्थित अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस समारोह में इस बार खास आकर्षण रहा देश के दिग्गज नेताओं की उपस्थिति।
कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील और महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
वीआईपी आगमन के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। खेरिया एयरपोर्ट पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री की अगवानी प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने की। कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का विशेष घेरा बनाया गया था। वापसी के समय भी वरिष्ठ अधिकारी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
आगरा किले के ऐतिहासिक जहांगीर महल परिसर में आयोजित समारोह में शिवाजी महाराज के जीवन, शौर्य और स्वाभिमान को याद किया गया।
बता दें कि शंभाजीनगर स्थित अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान पिछले चार वर्षों से आगरा किला में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को हुए कार्यक्रम ने आगरा को एक बार फिर ऐतिहासिक-राजनीतिक विमर्श के केंद्र में ला खड़ा किया।