राज्यपाल करेंगी आगरा की क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी के पुनर्विकसित भवन का लोकार्पण
आगरा। सदर बाजार स्थित ऐतिहासिक क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी, जो स्वतंत्रता-पूर्व वर्ष 1900 में स्थापित की गई थी, अब अपने नए स्वरूप में तैयार है। 30 जुलाई 2025 को इसका लोकार्पण उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा किया जाएगा। यह लोकार्पण समारोह न केवल एक शासकीय कार्यक्रम होगा, बल्कि शहर की बौद्धिक और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देने वाला आयोजन बनेगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन से पहले रविवार को पुस्तकालय परिसर में लोकार्पण आमंत्रण पत्र का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रण पत्र के अनावरण से हुई और इसके पश्चात अतिथियों ने पुस्तकालय की विरासत और उसके नवजीवन पर विचार साझा किए।
आगरा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस पुस्तकालय का पुनर्विकास किया गया है, जो अब आधुनिक डिज़ाइन, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और युवा अनुकूल वातावरण के साथ एक नई पहचान ले चुका है।
स्मार्ट सिटी आगरा के जीएम अरुण कुमार ने कहा, यह केवल एक संरचना नहीं, यह एक दायित्व था जिसे पूरे समर्पण के साथ पूरा किया गया। अब यह भवन नई पीढ़ी के ज्ञान और संवाद का केंद्र बनेगा।
छावनी बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. पंकज महेन्द्रू ने कहा कि क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी सिर्फ किताबों की इमारत नहीं, बल्कि हमारी सोच और इतिहास को जोड़ने वाली अमूल्य कड़ी है। डॉ. रेनू महेन्द्रू ने अपने संबोधन में कहा, हर पुस्तकालय समाज की आत्मा होता है। इस इमारत का पुनर्निर्माण आगरा की सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने वाला प्रयास है।
इस अवसर पर समाजसेवी अभिनव मौर्य, रोहित करण मांचिस्तान, दिलीप कनौजिया, विनोद बघेल, लाइब्रेरियन अवंतिका, इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के महासचिव अजय शर्मा, कन्वीनर ब्रजेश शर्मा, शिक्षाविद व प्रबुद्धजन भी मौजूद रहे।