आगरा में सनातन चेतना का महासंगम, कमला नगर और विजय नगर कॊलोनी में हुए विराट हिंदू सम्मेलनों से गूंजा राष्ट्र प्रथम का उद्घोष

आगरा। सनातन एकता, राष्ट्र चेतना और हिंदू समाज की संगठित शक्ति को जाग्रत करने के उद्देश्य से आगरा के कमला नगर और विजय नगर क्षेत्रों में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलनों ने एक स्पष्ट संदेश दिया- जाति नहीं, सिर्फ हिंदू बनो और राष्ट्र प्रथम ही हिंदू की पहचान है। दोनों सम्मेलनों में वक्ताओं ने सामाजिक एकता, संस्कार, संस्कृति, स्वदेशी और राष्ट्रबोध को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

Jan 25, 2026 - 21:56
 0
आगरा में सनातन चेतना का महासंगम, कमला नगर और विजय नगर कॊलोनी में हुए विराट हिंदू सम्मेलनों से गूंजा राष्ट्र प्रथम का उद्घोष
कमला नगर के सत्यम पार्क में रविवार को सम्पन्न हुए विराट हिंदू सम्मेलन में मंच पर मौजूद अतिथिगण।

कमला नगर में सनातन एकता और राष्ट्र चेतना का संगम

कमला नगर में हुए हिंदू सम्मेलन में मौजूद मातृशक्ति।

कमला नगर विराट हिंदू सम्मेलन के तत्वावधान में सत्यम पार्क में आयोजित सम्मेलन में मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि देशभक्त, जागरूक, समझदार और स्वाभिमानी होने के साथ हिंदुओं का सक्रिय होना अनिवार्य है। यदि हिंदू सक्रिय नहीं रहेगा तो उसका कोई महत्व नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि आज 60 से अधिक देशों में संघ की शाखाएं संचालित हो रही हैं, जहां भारत माता की जय के उद्घोष गूंजते हैं। लक्ष्य राष्ट्र को परम वैभव और सर्वोत्तम स्तर तक पहुंचाना है।

मुख्य अतिथि कथावाचक मृदुलकांत शास्त्री ने कहा कि सनातनी समाज को धीरे-धीरे समाप्त करने के प्रयास हो रहे हैं। यदि अब भी हिंदू समाज नहीं जागा, तो इसके दुष्परिणामों के लिए हम स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने भक्ति के साथ राष्ट्रवाद को जोड़ने का आह्वान किया और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदुओं को ब्राह्मण, वैश्य, दलित और ठाकुर में बांटकर कमजोर किया जाता है, जबकि हमें केवल हिंदू बनकर एकजुट होना होगा। हमारे यहां जाति नहीं, वर्ण व्यवस्था रही है।

विशिष्ट अतिथि साध्वी ब्रजकिशोरी ने कहा कि हिंदू समाज को जो संस्कार मिले हैं, वे मातृ शक्ति की देन हैं। मां सबसे बड़ी गुरु है और आत्मचिंतन कर जाग्रत होने की आवश्यकता है। आचार्य विष्णुदत्त शास्त्री ने भी सनातन एकता का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि सम्मेलन में कमला नगर क्षेत्र के हजारों लोगों ने भाग लिया और मंच से स्वदेशी अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। संचालन श्रुति सिंघल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन भारत महाजन ने दिया।
इस अवसर पर आयोजन सचिव मुरारी प्रसाद अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, मुरारी लाल फतेहपुरिया, भानु महाजन, अमित अग्रवाल, पारुल, हरिओम गोयल, शशि कुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, विश्वेन्द्र चौहान, नन्दी महाजन, सुरेश शाक्य, सुमन, प्रेरणा, दीपमाला, साधना, दिव्या, मोनिका, श्वेता, दीक्षा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विजय नगर सम्मेलन से आह्वान- राष्ट्र प्रथम से बनेगी हिंदू की पहचान

विजय नगर कॊलोनी के गुरुद्वारे में रविवार को सम्पन्न हुए विराट हिंदू सम्मेलन में मंच पर मौजूद धर्मगुरु।

हिंदू सम्मेलन के दौरान मलखंभ का प्रदर्शन करते युवक।

विजय नगर हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में वृंदावन से आए रसराज दास महाराज ने कहा कि अपने बच्चों को जाग्रत करने की आवश्यकता है। मेवात की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि वहां हिंदुओं की दुर्दशा चिंताजनक है। दक्षिण भारत में गौ-तस्करी और हिंदुओं के पलायन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज संघ के कारण भारत में संस्कृति सुरक्षित है।

प्रमुख वक्ता क्षेत्रीय कार्यवाहक प्रमोद शर्मा ने कहा कि व्यक्ति की पहचान जाति के आधार पर नहीं, बल्कि देश के आधार पर होनी चाहिए। हिंदू की पहचान राष्ट्र के नाम पर हो। भारत ने कभी शोषण और गुलामी का मार्ग नहीं अपनाया, बल्कि मानवता, करुणा और समरसता का मार्ग दिखाया। आज भारत का दायित्व है कि वह विश्व गुरु बने।

भंते धम्म बोधि थैरो ने कहा कि गौतम बुद्ध ने पंचशील, आर्य अष्टांगिक मार्ग और मध्यम मार्ग के माध्यम से मानवता को दिशा दी। जातिवाद का अंत आवश्यक है। ब्रह्मकुमारी राज बहन ने पंच परिवर्तन के माध्यम से हिंदू समाज को जाग्रत करने पर बल दिया और कहा कि हिंदू की एकता ही उसकी शक्ति है।
विजय नगर गुरुद्वारा के हरजेन्द्र सिंह और हिमानी चतुर्वेदी ने भी अपने विचार रखे। मंच से गौ रक्षा का संदेश दिया गया। विजय नगर शाखा के स्वयंसेवक बच्चों ने मल्लखंभ का शानदार प्रदर्शन किया। संचालन रमन अग्रवाल ने किया और धन्यवाद आयोजन सचिव आलोक आर्य ने दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष छोटेलाल बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अजय तोषनीवाल, पार्षद ऋषभ गुप्ता, राज बहादुर राज, उपमा गुप्ता, मनोज बाबा, अजय रंगीला, राकेश सक्सेना, नितिन गोयल, संजिव चतुर्वेदी, नितिन गुप्ता, संजय चौहान, नरेश चुग, मनोज शर्मा, समीर चतुर्वेदी, दीपक शर्मा, कान्ता बंसल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor