कमला नगर में 151 कलशों संग निकली भव्य कलश यात्रा, राधे–राधे के जयघोषों से गुंजायमान हुआ क्षेत्र
आगरा के कमला नगर क्षेत्र में रविवार को पावन पौष मास के अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 151 महिलाओं की सहभागिता वाली भव्य कलश यात्रा ने पूरे इलाके को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। ढोल-नगाड़ों, भजन-संगीत और “राधे–राधे” के जयघोषों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आगरा। भोले बाबा पार्क सेवा समिति, कमला नगर के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार को अत्यंत भव्य और पारंपरिक कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ भोला चौक स्थित भोले बाबा पार्क से हुआ, जहां 151 महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर सिर पर पवित्र कलश रखकर यात्रा में सहभागिता की। श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास के बीच यात्रा पूरे क्षेत्र से होते हुए गगनभेदी जयघोषों के साथ संपन्न हुई।
कलश यात्रा के साथ सुसज्जित राधा–कृष्ण की भव्य झांकी भक्तों के आकर्षण का विशेष केंद्र रही। भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़ों और सतत “जय श्रीकृष्ण” के घोष के बीच कमला नगर का वातावरण दिव्यता से सराबोर हो गया।
कथा व्यास आचार्य ब्रजकिशोर वशिष्ठ ‘भैया जी’ ने विधिवत कलश स्थापना सम्पन्न कराई। उन्होंने श्रीमद् भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा केवल आदर्श ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सदाचार, भक्ति, त्याग और संयम से जोड़ने वाली दिव्य प्रेरणा है। मुख्य यजमान कृष्ण मिश्र और आशा मिश्र ने बताया कि दिव्य कथा का आयोजन 7 दिसंबर से 13 दिसंबर 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से होगा।
आयोजन में समिति के संरक्षक राधेश्याम धवन, हरिप्रसाद शर्मा, शिखर चन्द जैन सहित प्रतिदिन के यजमानों के रूप में डॉ. जीएस जैन, सुमन जैन, राधाबाबू अग्रवाल, सुमन अग्रवाल, देवेन्द्र शर्मा, राधा शर्मा, संजय अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, लोकेश गर्ग, रूपल गर्ग, डॉ. राजीव शर्मा, राजेश्वरी शर्मा, मुकेश अग्रवाल, पद्मा अग्रवाल, डॉ. संजय धवन, डॉ. दीपा धवन, केशव देव गोयल, यशवी गोयल, रवि अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, चन्द्र कुमार छावड़ा, हिना छावड़ा आदि मौजूद रहे।
समिति की ओर से नगरवासियों से आह्वान किया गया कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भागवत कथा का पुण्य लाभ अर्जित करें।