आगरा में तीन हजार श्रद्धालुओं संग निकली मां चामुण्डा की भव्य कलश यात्रा, जयकारों से गूंजा शहर
आगरा। आस्था, उत्साह और भक्ति का विराट संगम उस समय देखने को मिला जब राजामंडी स्थित प्राचीन मां चामुण्डा देवी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सिर पर मंगल कलश, हाथों में श्रद्धा और दिल में मां के जयकारों के साथ करीब 3 हजार से अधिक श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और पुष्प वर्षा के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। कलश स्थापना के साथ ही वार्षिक मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।
सुबह मंदिर परिसर में मां चामुण्डा का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद कलश स्थापना के उपरांत भव्य कलश यात्रा का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि हेमा भगोर ने किया। पीत वस्त्र धारण किए श्रद्धालु श्रीफल और अशोक पत्रों से सजे मंगल कलश सिर पर रखकर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे। हर कदम पर जय माता दी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
भक्ति पथ पर उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह हुआ स्वागत
मंदिर से प्रारंभ हुई यह विशाल कलश यात्रा न्यू राजामंडी, तोता का ताल, लोहामंडी चौराहा, बल्देवगंज, लोहामंडी बाजार, राजामंडी रेलवे फाटक, सेंट जॉन्स चौराहा और किदवई पार्क होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर और आरती उतारकर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
मां भगवती की फूलों से सजी आकर्षक झांकी, सतरंगी रोशनी से सजा मंदिर और भक्तों की उमंग ने पूरे आयोजन को दिव्यता से भर दिया।
आयोजन में जुटे प्रमुख लोग
इस अवसर पर महन्त वीरेन्द्र नाथ ब्रह्मचारी, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र सिंह भगोर, कमल अग्रवाल, संयोजक राहुल राज, भानू शर्मा, विष्णु चौधरी, राकेश वर्मा, रवि सिसोदिया, शरद चौहान, हेमन्त प्रजापति, आशीष जैन, संतोष शर्मा, चिराग शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
1 अप्रैल को छप्पन भोग, 2 को देवी जागरण, 3 को भण्डारा
महन्त वीरेन्द्र नाथ ब्रह्मचारी ने बताया कि 1 अप्रैल को मंदिर में भव्य फूल बंगला एवं छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। 2 अप्रैल को देवी जागरण होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकारों द्वारा माता रानी का गुणगान किया जाएगा। 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। पूरे मंदिर परिसर को पुष्पों और आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।