संभल से बरात लेकर जा रहे दूल्हे की बोलेरो दीवार से टकराई, दूल्हा समेत पांच की मौत, 9 घायल
संभल/बदायूं। शादी की खुशियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी शुक्रवार की रात मौत की सवारी बन गई। संभल जिले के जुनावाई थाना क्षेत्र से दूल्हा सूरज (24) की बरात बोलेरो से बदायूं जिले के गांव सिरसौल जा रही थी। गाड़ी में परिवार की महिलाएं, बच्चे और रिश्तेदार कुल 14 लोग सवार थे। लेकिन रास्ते में यह बोलेरो बेकाबू होकर एक इंटर कॉलेज की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में दूल्हा भी शामिल है।
गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को किया गया अलीगढ़ रेफर, दुल्हन पक्ष में पसरा मातम
हादसे में दूल्हा सूरज (24), उसकी भाभी आशा (26), भतीजी एश्वर्या (2), भतीजा विष्णु (6), पुत्र मनोज और एक अन्य की मौत हो गई। हादसे के वक्त सभी बरात में शामिल होने बदायूं जा रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उनमें से चार लोगों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गांव में मचा कोहराम, दुल्हन पक्ष भी बेसुध
इस हृदय विदारक हादसे की खबर जैसे ही दुल्हन पक्ष को मिली, वहां भी कोहराम मच गया। शादी की सजावट के बीच मातम पसर गया। परिजन और गांववाले सदमे में हैं। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि जिसकी शादी के लिए तैयारियां की गई थीं, उसी की अर्थी उठेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बोलेरो बहुत स्पीड में थी। इसमें चालक की लापरवाही सामने आ रही है।