आगरा के अछनेरा में भाजपा नेता अशोक राणा की गैस एजेंसी पर युवाओं के समूह ने कर्मचारियों को पीटा, जमकर तोड़फोड़ भी की, गैस सिलेंडर की लाइन बनी विवाद की वजह
आगरा के अछनेरा कस्बे में गैस वितरण के दौरान लाइन में लगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अगले ही दिन हिंसक रूप ले बैठा। दबंगों ने गैस एजेंसी पर धावा बोलकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। जिस गैस एजेंसी पर तोड़फोड़ की गई है, वह वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक राणा की है।
अछनेरा (आगरा)। भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक राणा की कस्बे में स्थित ‘कमला गैस एजेंसी’ पर गैस वितरण के दौरान विवाद और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2026 को लाइन में लगने को लेकर एजेंसी कर्मचारियों और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी हुई थी।
बताया गया कि विवाद के बाद एजेंसी मालिक अशोक राणा ने पहल करते हुए खुद फोन कर माफी मांगी और सुलह का प्रयास किया। उन्होंने दूसरे पक्ष को समझाते हुए कहा कि किसी भी समस्या का समाधान आपसी बातचीत से निकाला जा सकता है। लेकिन इस पहल का कोई असर नहीं हुआ।
तहरीर के अनुसार 18 मार्च को छैलबिहारी और छत्रपाल (पुत्र गोवर्धन सिंह) गैस लेने आए थे, जहां लाइन को लेकर कर्मचारियों से उनकी बहस हुई। आरोप है कि अगले दिन (19 मार्च को) बाकंदा गांव के आठ-दस लड़कों को लेकर ये दोनों फिर से गैस एजेंसी पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों बॊबी, छोटू और जितेन्द्र के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान कर्मचारी बॊबी के सिर में गंभीर चोट आई। उपद्रवियों ने एजेंसी में तोड़फोड़ करते हुए ऑफिस के शीशे, कंप्यूटर (पीसी) और गैस चूल्हों को भी नुकसान पहुंचाया। जाते समय आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
एजेंसी मैनेजर कुलदीप (पुत्र रामेश्वर सिंह) की ओर से थाना अछनेरा में नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों की तलाश जारी है।