जीएसटी-2.0 है त्योहारी तोहफा, आगरा में भाजपा नेताओं ने व्यापारियों संग साझा किए लाभ

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए जीएसटी-2.0 सुधारों को लेकर आगरा में भाजपा नेताओं ने विभिन्न बाजारों में जाकर व्यापारी बंधुओं से संवाद किया। नेताओं ने बताया कि यह सुधार न केवल व्यापार को गति देंगे बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी त्योहारी सीजन में बड़ा लाभ पहुंचाएंगे।

Sep 25, 2025 - 20:26
 0
जीएसटी-2.0 है त्योहारी तोहफा, आगरा में भाजपा नेताओं ने व्यापारियों संग साझा किए लाभ
जीएसटी 2.0 के बारे में व्यापारियों से संवाद करते एमएलसी विजय शिवहरे और गोष्ठी करतीं मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह।

एमएलसी विजय शिवहरे ने लोहमंडी बाजार में किया संवाद

प्रदेश मंत्री एवं विधायक विजय शिवहरे ने लोहमंडी बाजार में आयोजित जीएसटी बचत उत्सव के अंतर्गत व्यापारियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी व्यवस्था को और अधिक सरल व पारदर्शी बना दिया है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में 200 से अधिक दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर जीएसटी दरों में 5% से 12% तक कमी की गई है। छोटे व्यापारियों के लिए कंपोजिशन स्कीम की सीमा 1.5 करोड़ रुपये तक बढ़ाई गई है, जिससे 1.2 करोड़ व्यापारी लाभान्वित होंगे। डिजिटल जीएसटी फाइलिंग से अब 85% से अधिक व्यापारी ऑनलाइन रिटर्न भरने लगे हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

विधायक ने कहा कि यह सुधार उपभोक्ताओं को सस्ता सामान उपलब्ध कराने के साथ वोकल फॉर लोकल अभियान को भी मजबूत करेगा। इस अवसर पर पार्षद अमित पटेल, पार्षद गजेन्द्र पिप्पल, भाजपा नेता नितेश शिवहरे सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महापौर हेमलता दिवाकर ने कीं गोष्ठियां

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बोदला, कारगिल चौराहा, शास्त्रीपुरम सहित शहर के विभिन्न बाजारों में व्यापारियों से मुलाकात कर जीएसटी-2.0 के लाभ समझाए। उन्होंने कहा कि अब केवल 5% और 18% की दरों पर ही जीएसटी लगेगा। इससे उपभोक्ताओं की बचत होगी और व्यापारियों को बाजार में तेजी का सीधा फायदा मिलेगा।

महापौर ने व्यापारियों से कहा कि त्योहारी सीजन में जीएसटी-2.0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिया गया विशेष उपहार है। इस दौरान व्यापारियों ने महापौर का सम्मान किया और प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।

SP_Singh AURGURU Editor