अमर शहीद बाबा दीप सिंह की जयंती पर गूंजा गुरुद्वारा साहिब, कीर्तन समागम में संगत हुई निहाल

आगरा। अमर शहीद बाबा दीप सिंह के पावन जन्मदिवस के अवसर पर विजय नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब में रविवार को एक भव्य एवं आनंदमयी कीर्तन समागम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन-पवित्र गोद में आयोजित इस दिव्य समागम में बड़ी संख्या में संगत ने मत्था टेककर गुरु कृपा का रसास्वादन किया।

Jan 25, 2026 - 22:46
 0
अमर शहीद बाबा दीप सिंह की जयंती पर गूंजा गुरुद्वारा साहिब, कीर्तन समागम में संगत हुई निहाल
विजय नगर कॊलोनी गुरुद्वारे में अमर शहीद बाबा दीप सिंह के जन्मदिवस पर रविवार को आजित कीर्तन समागम की एक झलक।

समागम में पंथ के सुप्रसिद्ध रागी जत्था भाई साहब भाई गुरविंदर सिंह (रिंकू जी), अमृतसर वाले द्वारा प्रस्तुत मधुर एवं भावपूर्ण गुरबाणी कीर्तन ने पूरे गुरुद्वारा परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। शबद-कीर्तन के दौरान संगत भावविभोर हो उठी और जो बोले सो निहाल तथा सतश्री अकाल के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कीर्तनियों के आत्मिक गायन ने संगत को निहाल कर दिया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान हरजिंदर सिंह ने अमर शहीद बाबा दीप सिंह के अद्वितीय बलिदान, त्याग और धर्मनिष्ठ जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा दीप सिंह का जीवन सत्य, साहस और गुरु भक्ति की अनुपम मिसाल है। उनका बलिदान आज भी सिख कौम ही नहीं, बल्कि समस्त मानवता को धर्म और न्याय के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

समागम में संत बाबा प्रीतम सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का आयोजन अमृतवेला परिवार, आगरा द्वारा किया गया। अरदास एवं हुक्मनामा के उपरांत गुरु का अटूट लंगर श्रद्धा और सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्य रूप से हरजिंदर सिंह खनुजा, कवलजीत सिंह, श्याम भोजवानी, गुरमुख व्यानी, पवन मक्कर, बबलू व्यानी, योगेश छठवानी, अशोक अरोड़ा, विकास व्यानी, संजय जटाना सहित बड़ी संख्या में संगत एवं सेवादार उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor