ओलावृष्टि ने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के अन्नदाताओं का संसार उजाड़ दिया है, सांसद राजकुमार चाहर ने डीएम को फसलों की तबाही के बारे में बताया, मुआवजे के लिए उठाई आवाज

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। गेहूं और सब्जियों की तैयार फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे अन्नदाताओं के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने जिलाधिकारी से वार्ता कर प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने, ऋण वसूली और बिजली बिल स्थगित करने की मांग उठाई है।

Apr 8, 2026 - 18:04
 0
ओलावृष्टि ने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के अन्नदाताओं का संसार उजाड़ दिया है, सांसद राजकुमार चाहर ने डीएम को फसलों की तबाही के बारे में बताया, मुआवजे के लिए उठाई आवाज
ओलावृष्टि के मुद्दे पर जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी से वार्ता करते सांसद राज कुमार चाहर।

कई विधानसभाओं में भारी नुकसान

सांसद चाहर ने बताया कि फतेहपुर सीकरी, बाह, फतेहाबाद, खेरागढ़ और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के अनेक गांवों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी गेहूं और सब्जियों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति डगमगा गई है।

जिलाधिकारी से की तत्काल राहत की मांग

सांसद ने जिलाधिकारी से बातचीत कर स्पष्ट कहा कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और वास्तविक नुकसान का आंकलन कर किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सांसद चाहर ने किसानों की स्थिति को देखते हुए बैंकों द्वारा ऋण वसूली पर रोक लगाने और बिजली बिल की वसूली स्थगित करने की भी मांग की है, ताकि किसान इस संकट की घड़ी में आर्थिक दबाव से राहत पा सकें।

लेखपाल नुकसान की वास्तविक स्थिति का सर्वे करें 

सांसद ने साफ निर्देश दिए कि लेखपाल गांवों में वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष सर्वे करें। उन्होंने चेतावनी दी कि घर बैठे या किसी प्रकार की पक्षपातपूर्ण रिपोर्ट तैयार न की जाए। सही और पारदर्शी रिपोर्ट ही किसानों के हित में होगी।

सांसद राजकुमार चाहर ने भरोसा दिलाया कि कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित नहीं रहेगा। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हर संभव सहायता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसान इस आपदा से उबर सकें।

SP_Singh AURGURU Editor