जीवन में खुशी कोई संयोग नहीं एक कला है, जिसे हम सब सीख सकते हैं

आगरा। होटल भावना क्लार्क्स इन में रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा आयोजित हैप्पीनेस वर्कशॉप में वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. विशाल सिन्हा ने खुशी को विज्ञान और समझ की भाषा में समझाते हुए बताया कि मानसिक संतुलन और संवाद, जीवन को खुशहाल बनाने की कुंजी है।

Apr 19, 2025 - 14:03
 0
जीवन में खुशी कोई संयोग नहीं एक कला है, जिसे हम सब सीख सकते हैं
रोटरी क्लब ऒफ आगरा की हैप्पीनेस वर्कशॊप में मौजूद डॊ. विशाल सिन्हा और क्लब के पदाधिकारी।

-रोटरी क्लब ऑफ आगरा की "हैप्पीनेस वर्कशॉप" में डॉ. विशाल सिन्हा ने सिखाए खुश रहने के मनोवैज्ञानिक सूत्र

डॉ. सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मस्तिष्क की संरचना हमें स्वाभाविक रूप से नकारात्मक सोच की ओर ले जाती है, परंतु सोचने के तरीके को बदलकर हम मानसिक स्वास्थ्य में बड़ा सुधार ला सकते हैं। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि महिलाएं स्वाभाविक रूप से बेहतर मल्टीटास्कर होती हैं और उनकी भावनात्मक समझ अधिक विकसित होती है।

उन्होंने माता-पिता को विशेष सुझाव दिया कि वे बच्चों के अनुभवों को सुनें और खुला संवाद रखें। उन्होंने कहा, “खुश रहने के लिए सिर्फ मुस्कुराना नहीं, समझ और संवाद जरूरी है।”

रोटरी क्लब ऑफ आगरा की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने कहा, “यह कार्यशाला हमें यह सिखाती है कि दूसरों की खुशियों में भागीदारी भी खुद की खुशी का स्रोत बन सकती है।”

रोटेरियन संजय जैन ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया जबकि रोटेरियन विवेक मोहन अग्रवाल ने आभार जताया। आयोजन को सफल बनाने में रोटेरियन डॉ. आलोक मित्तल, जीतेन्द्र जैन, उदित बंसल, गुंजन गिरीश सिंह और मनोज आर. कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor