हर घर तिरंगा अभियान में 10 से 12 अगस्त तक भाजपा 22 मंडलों में निकालेगी तिरंगा यात्राएं
आगरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस पर आयोजित की गई आगरा महानगर की बैठक में अभियान की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। इसके तहत 10 से 12 अगस्त तक महानगर के सभी 22 मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान रहे।
प्रदेश महामंत्री चौहान ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम और वीरता का प्रमाण हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में सेना ने आतंक के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दुनिया को भारत की ताकत दिखाई। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और राष्ट्रीय भावना को प्रबल करने का एक सशक्त माध्यम है।
प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज भी ये दल देशविरोधी ताकतों की भाषा बोलते हैं। वहीं भाजपा की सरकार ने कभी भी दुश्मन देशों के सामने झुकने नहीं दिया। अब अगला संकल्प PoK को पुनः भारत में शामिल करने का है।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक सभी 22 मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसी दौरान महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रदर्शनी, संगोष्ठी, मौन जुलूस निकाला जाएगा। 15 अगस्त को भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर ध्वजारोहण समारोह होगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गुप्ता ने बताया कि यह अभियान प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भव्य रूप में सभी विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर पर चलाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, पुरषोत्तम खंडेलवाल (विधायक), राजकुमार गुप्ता (महानगर अध्यक्ष), वीरेंद्र अग्रवाल, टी एन अग्रवाल, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, रोहित कत्याल, उपमा गुप्ता, राघवेंद्र मुगदल,अरुण पाराशर, रश्मि धाकड़,महेश शर्मा,राहुल सागर, मुनेंद्र जादौन, सुधीर राठौर, मनोज राजोरा, रोहित कत्याल, नवीन गौतम, अभिषेक गुप्ता, शैलू पंडित, विजय भदौरिया, विपुल मित्तल, बॉबी लाले, सहित सभी मंडल अध्यक्ष,मंडल प्रभारी मौजूद रहे।