विश्व शांति के लिए भारत में एक साथ गूंजा हरिनाम: आगरा समेत 700 शहरों में संकीर्तन, युद्धग्रस्त दुनिया को दिया आध्यात्मिक संदेश

आगरा। वैश्विक अशांति और युद्ध के बढ़ते माहौल के बीच आध्यात्मिक शक्ति के माध्यम से शांति स्थापित करने का संदेश देते हुए रविवार को देशभर के 700 शहरों में एक साथ हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। आगरा में इस्कॉन द्वारा जयपुर हाउस स्थित अहिंसा पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को जागृत किया, बल्कि विश्व शांति की एक सशक्त पुकार भी बनकर उभरा।

Mar 29, 2026 - 11:05
 0
विश्व शांति के लिए भारत में एक साथ गूंजा हरिनाम: आगरा समेत 700 शहरों में संकीर्तन, युद्धग्रस्त दुनिया को दिया आध्यात्मिक संदेश
विश्व शांति के लिए इस्कॊन द्वारा रविवार सुबह जयपुर हाउस के अहिंसा पार्क में आयोजित हरिनाम संकीर्तन की एक झलक।

सुबह 6 बजे से ही अहिंसा पार्क में मृदंग और मंजीरों की गूंज के साथ हरे राम-हरे कृष्णा के महामंत्र का उच्चारण वातावरण को भक्तिमय बना रहा था। श्रीहरि की भक्ति में लीन श्रद्धालु झूमते-गाते संकीर्तन कर रहे थे। पार्क में टहलने और योग करने आए लोग भी इस आध्यात्मिक ऊर्जा से प्रभावित होकर स्वतः ही संकीर्तन में शामिल हो गए और विश्व शांति व मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में विशेषकर मध्य-पूरब सहित कई क्षेत्रों में चल रहे संघर्षों ने पूरी दुनिया को अस्थिर कर दिया है। ऐसे में हरिनाम संकीर्तन ही वह माध्यम है, जो मनुष्य को एकता, सह-अस्तित्व और शांति का मार्ग दिखाता है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि वैश्विक समरसता का संदेश है।

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि यह आयोजन एक विश्वव्यापी आह्वान का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत भारत के 700 शहरों में एक साथ हरिनाम संकीर्तन आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य मानवता को जोड़ना और विश्व में शांति एवं खुशहाली की भावना को सुदृढ़ करना है।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरैजा, ओमप्रकाश अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, शाश्वत नंदलाल, सूरज, राजीव मल्होत्रा, रजनी सागर, नीना माहेश्वरी, मंजू तिवारी, नीलिमा जैन, कुमकुम, ओपी रंजन, बृजमोहन, घनश्याम अग्रवाल, चंद्र ठकरानी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में विश्व शांति की कामना की।

SP_Singh AURGURU Editor