हाथरस गैंग की आगरा में करतूत, फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों वसूली की कोशिश, वरिष्ठ उद्यमी को दी जान से मारने की धमकी

आगरा। ताजनगरी में एक 67 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक और उद्योगपति से 12.52 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि हाथरस निवासी दो व्यक्तियों ने उनके खोए हुए चैक और कंपनी लेटरहेड का दुरुपयोग कर फर्जी देनदारी बनाते हुए करोड़ों रुपये की वसूली की कोशिश की। न्यायालय के आदेश पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है।

Nov 7, 2025 - 12:14
 0
हाथरस गैंग की आगरा में करतूत, फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों वसूली की कोशिश, वरिष्ठ उद्यमी को दी जान से मारने की धमकी
इमेज फोटो

आगरा। ताजनगरी में एक 67 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक और उद्योगपति से 12.52 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि हाथरस निवासी दो व्यक्तियों ने उनके खोए हुए चैक और कंपनी लेटरहेड का दुरुपयोग कर फर्जी देनदारी बनाते हुए करोड़ों रुपये की वसूली की कोशिश की। न्यायालय के आदेश पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है।

थाना न्यू आगरा में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, निर्भय नगर स्थित रंगजी हाइट्स के निवासी 67 वर्षीय सुरेश चंद, जो एक अनुभवी उद्योगपति और ‘शक्ति पोलीटयूब प्रा. लि.’ के संचालक हैं, ने हाथरस के सादाबाद गेट निवासी मुकेश सिंघल और बागला  मार्ग निवासी संजीव रावत उर्फ टीटू समेत दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों पर जबरन वसूली, धमकी और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है।

पुराने दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर फर्जी दावा

पीड़ित के अनुसार, 8 मई 2017 को उनकी कंपनी के 32 लाख रुपये के चैक और लेटरहेड गुम हो गए थे, जिसकी उन्होंने थाना सिकंदरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसका प्रकाशन अखबार में भी कराया था। लेकिन अब उन्हीं दस्तावेजों का उपयोग कर आरोपियों ने 3.90 करोड़ रुपये के मूल धन और ब्याज जोड़कर 12.52 करोड़ रुपये की फर्जी देनदारी दिखाते हुए रुपये की मांग शुरू कर दी।

धमकी और डराने की कोशिश

सुरेश चंद ने बताया कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने 13 सितंबर 2025 की शाम को उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी संजीव रावत उर्फ टीटू अपने साथ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को लेकर उनके घर और फैक्ट्री के आसपास चक्कर लगाता है, जिससे भय का माहौल बनाया जा सके।

पहले से हैं आपराधिक मामले

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी संजीव रावत उर्फ टीटू के खिलाफ पहले से ही चौथ वसूली और धमकी जैसे गंभीर अपराधों के मामले थाना कोतवाली, हाथरस में दर्ज हैं। न्यायालय के आदेश पर न्यू आगरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी  फुटेज और पुरानी शिकायत की प्रतियां जांच का अहम हिस्सा होंगी।