तेज रफ्तार का कहर, सिकंदरा में दर्दनाक हादसा, 20 फीट तक घिसटा राहगीर, मौके पर मौत
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से कुलदीप शर्मा की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
आगरा। शहर में तेज रफ्तार का खौफ एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। थाना सिकंदरा क्षेत्र के पश्चिमपुरी चौकी के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे राहगीर को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 20 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया और आखिरकार किनारे खड़ी एक कार से टकरा गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे का मंजर देख वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और मौके से फरार हो गया। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान कुलदीप शर्मा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की पूरी वारदात कैद बताई जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस अब फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की जरूरत महसूस की जा रही है।