आगरा में छुट्टी पर आया था देश का रक्षक, एक करंट ने छीन ली ज़िंदगी

  आगरा। ज़िले के पिड़ौरा थाना क्षेत्र के गांव गुर्जा शिवलाल से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जम्मू-कश्मीर में तैनात सेना के जवान अनिल परिहार की मंगलवार को कूलर में करंट लगने से मौत हो गई। वह कुछ दिन की छुट्टी पर अपने घर आए थे, लेकिन एक मामूली सी लापरवाही ने पूरे परिवार को जीवन भर का दर्द दे दिया।

May 20, 2025 - 11:50
 0
आगरा में छुट्टी पर आया था देश का रक्षक, एक करंट ने छीन ली ज़िंदगी
सेना का जवान अनिल परिहार, जिसकी अपने ही घर में करंट लगने से मौत हो गई।

पानी डालते समय हुआ हादसा, नहीं बच पाई ज़िंदगी

अनिल परिहार घर के आंगन में रखे कूलर में पानी डाल रहे थे, तभी करंट दौड़ गया। वह ज़मीन पर गिर पड़े। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, तब तक अनिल की सांसें थम चुकी थीं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा मातम, परिवार बेसुध

जवान की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। माता-पिता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को बिलखता हुआ छोड़ गया। वह पूरे परिवार का सहारा था, अब घर की दीवार जैसे ढह गई हो।

सेना सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

शहीद जवान की अंत्येष्टि सैन्य सम्मान के साथ की जाएगी। सेना की ओर से अधिकारी गांव पहुंच चुके हैं। ग्रामीणों की आंखों में आंसू हैं, लेकिन गर्व भी है कि यह बेटा देश की सेवा करते हुए लौटा है।

जो सरहद पर न झुका, उसे करंट ने निगल लिया

गांववालों ने कहा- जो बेटा दुश्मनों से लड़कर लौटा था, वह एक कूलर के करंट से हार गया। काश ज़रा सी सतर्कता होती, तो यह हादसा टल जाता। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ा है, बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor