एसएन में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’अभियान का शुभारंभ, 234 महिलाओं ने लिया लाभ
आगरा। स्वास्थ्य परिवार एवं कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ के अंतर्गत आज एसएन मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया।
आगरा। स्वास्थ्य परिवार एवं कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ के अंतर्गत आज एसएन मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर केंद्रित अभियान
17 सितम्बर (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस) से शुरू होकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और निःशुल्क जांच एवं परामर्श प्रदान करना है।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह कार्यक्रम केंद्र व राज्य सरकार की संयुक्त पहल है, जिसका मकसद महिलाओं को स्वस्थ बनाकर परिवार को सशक्त और भारत को समर्थ बनाना है। उन्होंने कहा कि “यदि महिला घर में स्वस्थ रहेगी तो पूरा परिवार स्वस्थ और समृद्ध होगा। स्वस्थ परिवार ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है।”
उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग पर भी बल दिया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश की गरिमा और आत्मनिर्भरता बढ़ रही है।
स्वास्थ्य सेवाएँ और शिविर की विशेषताएँ
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि शिविर में महिलाओं के लिए खून की जांच, ब्लड शुगर, अल्ट्रासाउंड और अन्य आवश्यक परीक्षण निःशुल्क किए जा रहे हैं। साथ ही कैंसर स्क्रीनिंग, दंत रोग, चर्म रोग, बाल रोग, मनोरोग, नाक-कान-गला, श्वसन रोग आदि विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक एक ही स्थान पर परामर्श और जांच उपलब्ध करा रहे हैं।
महिलाओं और बच्चों के लिए दवाइयाँ भी निःशुल्क वितरित की गईं। जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
234 महिलाओं ने उठाया लाभ
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डा. शिखा सिंह ने बताया कि आज आयोजित स्वास्थ्य महाशिविर में कुल 234 महिलाओं ने निःशुल्क जांच और परामर्श का लाभ उठाया।
इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. टीपी सिंह, एसआईसी डॉ. बृजेश शर्मा, डॉ. रेनू अग्रवाल, डॉ. संतोष, डॉ. एस.के. कठेरिया, डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. पंकज, डॉ. ऋचा गुप्ता, डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, डॉ. यतेन्द्र चाहर सहित अनेक शिक्षकगण एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।