स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान: आगरा में जोरदार आगाज़, मंत्री व विधायकों ने की शुरुआत

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़े के तहत मंगलवार को जनपद आगरा में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला अस्पताल से केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने अभियान का उद्घाटन किया। इसी क्रम में एसएन मेडिकल कॉलेज सहित जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस दौरान महिलाओं व किशोरियों की विशेष जांच, पोषण पोटली वितरण और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी संपन्न हुए।

Sep 17, 2025 - 22:45
Sep 17, 2025 - 23:03
 0
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान: आगरा में जोरदार आगाज़, मंत्री व विधायकों ने की शुरुआत
बुधवार को जिला अस्पताल में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक डॊ. जीएस धर्मेश, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता। साथ हैं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।

जिला अस्पताल में हुआ मुख्य शुभारंभ

जिला अस्पताल पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल का स्वागत जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव और सीएमएस डॉ. राजेंद्र कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद मंत्री ने विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के साथ फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के धार से राष्ट्रीय स्तर पर अभियान शुभारंभ का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री ने हाथ उठाकर लोगों को स्वास्थ्य शपथ भी दिलाई।

स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की नींव- प्रो. बघेल

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री बघेल ने कहा कि मोदी जी का 75वां जन्मदिन देशभर में सेवा पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री को विश्वभर से राष्ट्राध्यक्षों, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राजपरिवारों से बधाइयां मिल रही हैं।
उन्होंने कहा, स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। गर्भवती माताएं स्वस्थ होंगी, तभी स्वस्थ शिशु जन्म लेंगे और नारी के स्वास्थ्य से ही परिवार व समाज सशक्त बन सकेगा।
प्रो. बघेल ने जन औषधि केंद्रों की सस्ती दवाओं, आयुष्मान कार्ड से गरीबों के उपचार और सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं में हो रही वृद्धि का भी उल्लेख किया।

पोषण पोटली वितरण और अन्नप्राशन

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की। साथ ही, पोषण माह के तहत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
जिला अस्पताल परिसर में लगे आयुष, रक्तदान, ईट राइट कैंपेन और संचारी रोग स्टॉलों का निरीक्षण कर मंत्री ने लाभार्थियों से संवाद किया।

जिलेभर की स्वास्थ्य इकाइयों में हुआ शुभारंभ

अभियान केवल जिला अस्पताल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनपद के अन्य केंद्रों पर भी नेताओं की मौजूदगी में उद्घाटन हुआ। एसएन मेडिकल कॉलेज  में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सीएचसी किरावली पर सांसद राजकुमार चाहर, सीएचसी खंदौली पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन, यूपीएचसी नगला बूढ़ी पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, यूपीएचसी दहतोरा मोड़  पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, यूपीएचसी जीवनीमंडी पर भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, यूपीएचसी यमुनापार पर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, यूपीएचसी लोहामंडी-द्वितीय पर एमएलसी विजय शिवहरे, यूपीएचसी बल्केश्वर  पर प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, यूपीएचसी खंदौली  पर ब्लॉक प्रमुख इति सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक

सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि यह राष्ट्रीय अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा और गांधी जयंती पर संपन्न होगा।
इस दौरान महिलाओं व किशोरियों की एनीमिया, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर, टीबी, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की निशुल्क जांच की जाएगी।

इस अवसर पर सहायक निदेशक स्वास्थ्य डॉ. ज्योत्सना भाटिया, डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, प्रभारी रक्त केंद्र डॉ. सुशील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्या, नवीन कुमार गौतम, दिगंबर धाकरे, पार्षद गौरव शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

आगरा में सांसद नवीन जैन ने लगाई झाड़ू

आगरा में सांसद नवीन जैन ने स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर में भाग लेकर समाजसेवा का संदेश दिया। कमला नगर सेंट्रल बैंक रोड पर आयोजित स्वच्छता अभियान में सांसद ने स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लिया और सफाई नायकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव है। लोगों से उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन तक पहुँचाने और “घर-घर स्वदेशी, घर-घर समृद्धि” का संकल्प निभाने का आह्वान किया।

खंदौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करते हुए सांसद ने बच्चों को पुष्टाहार वितरित किया और स्वास्थ्य स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों का स्वास्थ्य ही परिवार और समाज की शक्ति है।

SP_Singh AURGURU Editor