पत्नी के बाद अकेलेपन में टूटा दिल: पिनाहट में रिटायर्ड शिक्षक की संदिग्ध हालात में मौत
आगरा। आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र के मोहल्ला नदगवां तिराहे से एक बेहद मार्मिक खबर सामने आई है। यहां एक रिटायर्ड शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिक्षक का शव उनके ही घर में चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गये और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि वृद्ध शिक्षक राम अवतार शर्मा (74 वर्ष) घर में अकेले रहते थे। दो सप्ताह पूर्व उनकी पत्नी का देहांत हुआ था, जिसके बाद से वे पूरी तरह अकेले और उदास रहने लगे थे। मंगलवार सुबह उनका शव चारपाई पर मिला, पास में ही मेज पर 65 हजार रखे मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे दिल का दौरा माना है। पुलिस का मानना है कि अगर कोई आपराधिक मामला होता तो मेज पर नकदी पड़ी न मिलती।
पड़ोसियों के मुताबिक, पत्नी की मौत के बाद से शिक्षक बेहद टूट चुके थे और ज्यादा किसी से बातचीत भी नहीं करते थे। दिवंगत शिक्षक के बेटे बाहर रहते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है।
यह घटना न सिर्फ एक व्यक्ति की मौत की कहानी है, बल्कि उस खामोश अकेलेपन की चीख भी है, जो वृद्धावस्था में जीते-जागते इंसान को अंदर ही अंदर खत्म कर देता है।