बल्केश्वर में हिंदू सम्मेलन कल, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर करेंगी संबोधन, मातृशक्ति ने निकाली वाहन रैली

आगरा। सनातन चेतना और हिंदू एकता के उद्घोष के साथ विश्व शांति हिन्दू महासम्मेलन समिति द्वारा आयोजित विराट हिंदू महासम्मेलन को लेकर आगरा में माहौल पूरी तरह भगवामय हो गया है। रविवार 8 फरवरी को दोपहर 2 बजे से बल्केश्वर चौराहे पर होने वाले विराट हिंदू महासम्मेलन के लिए शनिवार शाम मातृशक्ति के नेतृत्व में भव्य दोपहिया वाहन आमंत्रण यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र में जोश और उत्साह भर दिया।

Feb 7, 2026 - 20:37
 0
बल्केश्वर में हिंदू सम्मेलन कल, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर करेंगी संबोधन, मातृशक्ति ने निकाली वाहन रैली
बल्केश्वर में आठ फरवरी को होने जा रहे हिंदू सम्मेलन के लिए शनिवार को निकाली गई वाहन रैली की एक झलक।

बल्केश्वर चौराहे से निकली इस आमंत्रण यात्रा में स्कूटर और मोटरसाइकिल पर सवार महिलाओं एवं पुरुषों ने सनातन की ध्वज पताकाएं फहराईं और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों के साथ क्षेत्रवासियों को महासम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। भगवा झंडों से सजी रैली ने बल्केश्वर क्षेत्र को सनातन ऊर्जा से भर दिया।

रैली का नेतृत्व पार्षद मुरारीलाल गोयल एवं गिर्राज बंसल ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज अब संगठित है। “ना कोई जात है, ना कोई पात है, हिंदू समाज एक शक्ति है। जो हिंदू को छेड़ेगा, हिंदू उसे अब नहीं छोड़ेगा।” इस उद्घोष के साथ हिंदू एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

आयोजकों ने बताया कि विराट हिंदू महासम्मेलन को आज मुख्य वक्ता के रूप में दीदी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर संबोधित करेंगी। उनके संबोधन को लेकर हिंदू समाज में विशेष उत्साह है। महासम्मेलन में धर्म, संस्कृति, राष्ट्र और समाज से जुड़े ज्वलंत विषयों पर विचार रखे जाएंगे।

आमंत्रण यात्रा में मातृशक्ति की विशेष सहभागिता रही। रैली में सुमन गोयल, ममता शर्मा, मनीषा भारतीय, आशा अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, साधना राठौर, दूर्वा भारद्वाज, रेखा सोलंकी सहित अनेक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं देवेंद्र चौहान, इंद्र डाबर, मयंक खंडेलवाल, गुरुदास, ब्रह्मा गुप्ता, अर्जुन शर्मा, सुधीर आर्य, योगेंद्र गौड़, रुपेश अग्रवाल, सचिन राना, दिनेश सिंह, मनीष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विश्व शांति हिन्दू महासम्मेलन समिति ने समस्त सनातन प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विराट हिंदू महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाएं।

SP_Singh AURGURU Editor