हिन्दू समाज को संगठित होने का आह्वान, बगदा में हुआ हिन्दू सम्मेलन
25 जनवरी को नालंदा नगर में श्री कृष्ण शाखा द्वारा आयोजित हिन्दू सम्मेलन में धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में लोकेशानंद जी महाराज, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और कई गणमान्य लोगों ने हिंदू समाज को जागरूक व संगठित होने का संदेश दिया।
आगरा। आरएसएस की नालंदा नगर की श्री कृष्ण शाखा द्वारा राकेश दुबे के फार्म हाउस, बगदा में एक हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों की उपस्थिति रही और वातावरण राष्ट्र, धर्म व संस्कृति के प्रति जागरण के संदेश से ओतप्रोत दिखाई दिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता बाली प्रधान जी ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकेशानंद जी महाराज रहे। अपने संबोधन में लोकेशानंद जी महाराज ने हिंदू समाज से एकजुट होकर जागृत होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिंदुओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों की रक्षा के लिए संगठित होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सेवा प्रमुख धनीराम जी ने संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने संघ के सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण में योगदान को विस्तार से बताते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
सम्मेलन में सज्जन शक्ति के रूप में ब्रिगेडियर मनोज शर्मा और मातृशक्ति के रूप में डॉ. काव्या शर्मा ने सभी उपस्थित हिंदुओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और परिवार व समाज में मूल्यों की भूमिका पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर अनुराग शर्मा, एक सिंह, नितेश सक्सेना, राघव राना, पवन दिवाकर, राम भदौरिया, राकेश दीक्षित, सुमन अरेला, विजय वीर, अनुराग भाई और अजय मिश्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए आयोजकों की सराहना की और ऐसे आयोजनों को समाज के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें हिंदू समाज को संगठित और जागरूक बनाने का संकल्प दोहराया गया।