बांग्लादेश में हिंदुओं पर जुल्म, भारत को अपनी सेना भेजकर मोहम्मद यूनुस को उठवा लेना चाहिए- आगरा में गरजे प्रवीण तोगड़िया

आगरा। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने बांग्लादेश में हिंदुओं और भारतीयों पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों के बलिदान से बना बांग्लादेश आज उसी भारत से जुड़े लोगों और हिंदू समाज के साथ अन्याय कर रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को बांग्लादेश से मोहम्मद यूनुस को उसी तरह उठवा लेना चाहिए, जिस तरह से डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला से वहां के राष्ट्रपति को उठवा लिया है।

Jan 10, 2026 - 12:35
 0
बांग्लादेश में हिंदुओं पर जुल्म, भारत को अपनी सेना भेजकर मोहम्मद यूनुस को उठवा लेना चाहिए- आगरा में गरजे प्रवीण तोगड़िया
आगरा प्रवास के दौरान अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॊ. प्रवीण तोगड़िया।

अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया विगत दिवस आगरा पहुंचे हुए थे। यहां वे किशन सिंह टायर हाउस प्रतिष्ठान पर पहुंचे, जहां उनसे मनोज ठाकुर सहित कई प्रमुख नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. तोगड़िया ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति पर गंभीर चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान से बांग्लादेश अस्तित्व में आया, लेकिन आज उसी देश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। यह न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि भारत के प्रति कृतघ्नता भी है।

डॉ. तोगड़िया ने अंतरराष्ट्रीय उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने ड्रग्स तस्करी के आरोपों में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ पूरी दुनिया के सामने सख़्त रुख अपनाया। इसी तरह भारत को भी सेना भेजकर हिंदुओं पर अत्याचार कराने वाले मोहम्मद यूनुस को ढाका से उठवा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने 1971 में पराक्रम दिखाया था और आवश्यकता पड़ने पर फिर दिखा सकती है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि बांग्लादेश में हिंदुओं और भारतीयों के साथ हो रहे अन्याय के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाया जाए और वहां की सरकार पर कड़ा दबाव बनाया जाए।

लव जिहाद के मुद्दे पर बोलते हुए डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद किसी भी हिंदू बेटी को लव जिहाद का शिकार नहीं बनने देगी। उन्होंने दावा किया कि संगठन इस विषय पर समाज को एकजुट कर व्यापक जागरूकता अभियान चला रहा है, ताकि बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor