पैसा लेकर कथा-तकरीर करने वालों का बॊयकाट करें हिंदू-मुस्लिम- मौलाना रज़वी

बरेली। इटावा में कथावाचक के साथ हुई घटना के बाद उठे विवाद की गूंज मंगलवार को और तेज हो गई, जब ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने कथा वाचकों, मौलवियों और शायरों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कथा-भागवत हो या इस्लामिक तकरीर, या फिर कवि सम्मेलन-मुशायरे, अब यह तीनों ही धार्मिक-सांस्कृतिक सेवाएं नहीं, बल्कि प्री-पेड परफॉर्मेंस बन चुकी हैं।

Jul 1, 2025 - 11:16
 0
पैसा लेकर कथा-तकरीर करने वालों का बॊयकाट करें हिंदू-मुस्लिम- मौलाना रज़वी

मौलाना ने सीधा आरोप लगाया कि इन प्रवचनकर्ताओं ने अपने लिए पर्सनल सेक्रेटरी, फिक्स्ड चार्ज, एडवांस पेमेंट, टाइम स्लॉट, और ऑन-कॉल बुकिंग जैसे तरीके अपनाकर धर्म और संस्कृति को भी एक कारोबारी सिस्टम बना दिया है।

उन्होंने हिंदू-मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि जो कथावाचक, मौलवी और शायर अपने कार्यक्रमों के लिए पहले पैसे तय करते हैं, उनका खुलकर बायकॉट होना चाहिए। ये लोग धर्म के नहीं, अपने परिवार और जेब के सेवक हैं।

धर्म का लिबास पहनकर कर रहे हैं दुनियादारी

मौलाना ने कहा कि ये कथावाचक और मौलवी धर्म का लेबल लगाकर समाज को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई ऐसे लोग हैं जो मुफ्त में सेवा करते हैं, समाज को सुधारने की नीयत रखते हैं। हमें ऐसे लोगों को मंच देना चाहिए ताकि सच्चा पैगाम फैले।

अखिलेश यादव के बयान को बताया सौ फ़ीसद सही

मौलाना रज़वी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान का भी समर्थन किया जिसमें कथावाचकों पर सवाल उठाए गए थे। उन्होंने कहा, मैं उनका समर्थक नहीं हूं, लेकिन आज उन्होंने जो कहा, वह दिल और दिमाग से निकली सच्ची बात है।

SP_Singh AURGURU Editor