बरेली में हिस्ट्रीशीटर बसपा नेता तौफीक गिरफ्तार, पुलिस से बदतमीजी कर रहा था, तलाशी में तमंचा मिला
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले कथित नेताओं पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बसपा नेता व कुख्यात हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर पुलिस पार्टी से बदतमीजी करने, अवैध असलहा दिखाकर धमकाने और इलाके में दहशत फैलाने के गंभीर आरोप हैं। कार्रवाई थाना बारादरी पुलिस द्वारा की गई है।
पुलिस गश्त के दौरान पकड़ा गया तौफीक प्रधान
प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय, थाना बारादरी ने बताया कि बुधवार 24 दिसंबर 2025 की दोपहर चौकी प्रभारी जगतपुर अपनी टीम के साथ पशुपति बिहार कॉलोनी, चौकी क्षेत्र जगतपुर में भ्रमण पर थे। इसी दौरान थाना फतेहगंज पूर्वी का मजारिया हिस्ट्रीशीटर तौफीक प्रधान पुत्र मजनू, निवासी ग्राम नगरिया कलां, इलाका समदा, थाना फतेहगंज ईस्ट, जो वर्तमान में पशुपति बिहार कॉलोनी, थाना बारादरी में रह रहा है, कई लोगों के बीच आग तापते हुए मिला।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर तौफीक प्रधान अचानक पुलिस पार्टी से बदतमीजी करने लगा। जब टीम ने सख्ती से तलाशी ली तो उसके जींस की कमर से एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
अवैध असलहा दिखाकर जमाता था धौंस
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह कई मामलों में जेल जा चुका है, जिसके चलते उसके मूल थाना फतेहगंज पूर्वी में उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 09A खुली हुई है। इसी कारण उसने बारादरी क्षेत्र में मकान बनाकर रहना शुरू कर दिया था। उसने स्वीकार किया कि तमंचा और कारतूस वह अपनी सुरक्षा और लोगों पर रौब जमाने के लिए रखता था। कॉलोनी में लोग उसे नेताजी कहकर बुलाते थे। उसने खुद को बसपा नेता बताया और शहर में उसके बड़े-बड़े होर्डिंग भी लगे हुए हैं।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा, जेल भेजा गया
मौके पर ही पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तारी के कारण बताते हुए हिरासत में लिया। थाना बारादरी पर उसके खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बसपा ने किया किनारा
इस पूरे मामले पर बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष जयपाल सिंह ने बताया कि तौफीक प्रधान कुछ महीने पहले तक बसपा का जिला उपाध्यक्ष था, लेकिन पार्टी कार्यक्रमों में निष्क्रिय रहने के कारण उसे पद से हटा दिया गया था। वर्तमान में वह पार्टी का सक्रिय सदस्य मात्र है।
पुलिस के अनुसार तौफीक प्रधान पुत्र मजनू के खिलाफ बरेली और बदायूं जिलों में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।