ब्रज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की घर-घर तैयारीः रास की झलकियों से गूंजेंगी दिव्य गलियां

मथुरा। ब्रज में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025 को भव्य और दिव्य रूप में मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। 15 से 17 अगस्त तक ब्रज की गलियां और प्रमुख तीर्थ स्थल भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली में भक्तों के उल्लास से गूंजेंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर तीन दिवसीय उत्सव के लिए व्यापक इंतजाम कर लिए हैं। इस दौरान करीब 400 कलाकारों की टोली लोककला और ब्रज संस्कृति की प्रस्तुतियां देंगी।

Aug 14, 2025 - 12:36
 0
ब्रज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की घर-घर तैयारीः रास की झलकियों से गूंजेंगी दिव्य गलियां
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान की छटा देखते ही बनती है।

लोककला और सांस्कृतिक रंग

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में रास, भजन, नृत्य, जन्म लीला और ब्रज की विविध लोक कलाओं का मंचन किया जाएगा। श्रद्धालु बीन, डमरु, ढप, ढोल, मजीरा, सारंगी, बम नगाड़ा, कच्ची घोड़ी और वहरूपिया कलाकारों की प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध होंगे। स्थानीय मार्गों और प्रमुख स्थलों पर स्ट्रीट परफॉर्मर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

छोटे मंच और शोभायात्रा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन के लिए छोटे मंच कई प्रमुख स्थलों पर बनाए गए हैं। इनमें पोतरा कुंड, महाविद्या डिवाइडर, मसानी मुकुंद बिहार, डीग गेट सब्जी मंडी, भूतेश्वर तिराहा, माल गोदाम रोड रेलवे स्टेशन, बीएसए कॉलेज, नया बस अड्डा, रसखान की समाधि स्थल, बल्देव मैन बस स्टैंड, गोकुल के मंदिर, दानघाटी मंदिर, चंद्र सरोबर पारासौली, गोविंद देव मंदिर वृंदावन, जयगुरु देव मंदिर सलेमपुर रोड, इस्कॉन मंदिर वृंदावन, बिरला मंदिर के पास आदि शामिल हैं। 15 अगस्त को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे, 16 अगस्त को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक इन मंचों पर विभिन्न प्रस्तुतियां होंगी।

250 कलाकारों की शोभायात्रा

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह के अनुसार, 250 लोक कलाकार जन्मस्थान की परिक्रमा करते हुए अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। शोभायात्रा 15 अगस्त को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक चलेगी।

बड़े मंचों पर होंगी विशेष प्रस्तुतियां

श्रीकृष्ण जन्मस्थान लीला मंच: 15 और 16 अगस्त दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक, 17 अगस्त सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रस्तुतियां होंगी।

पाच्चजन्य प्रेक्षागृह: 16 और 17 अगस्त दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक।

महावन, चौरासी खम्भा मंदिर: 17 अगस्त शाम 4 बजे से 8 बजे तक।

बलदेव मंदिर क्षेत्र: 29 अगस्त दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक।

गीता शोध संस्थान वृंदावन: 17 अगस्त शाम 5 बजे से 8:30 बजे तक।

नंदगांव नंदोत्सव: 17 अगस्त विभिन्न कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ।

आध्यात्मिक महत्व और ब्रज का रंग
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली और लीला स्थली में भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ ब्रज संस्कृति के जीवंत रंग देखने को मिलेंगे। हर प्रस्तुति में भक्ति, संस्कृति और पारंपरिक कला का संगम होगा।

SP_Singh AURGURU Editor