हनी ट्रैप गिरोह का खुलासाः बरेली में 22 लाख की उगाही की साजिश का पर्दाफाश, युवती गिरफ्तार
-आरके सिंह- बरेली। बरेली शहर में हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग कर मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। थाना प्रेमनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर एक युवक को प्रेमजाल में फंसाकर पहले 10 लाख रुपये और बाद में 12 लाख रुपये की अतिरिक्त उगाही की साजिश रचने का आरोप है।
थाना प्रेमनगर पुलिस के अनुसार, इन्द्रानगर निवासी मनीष गंगवार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि आरोपी महिला ने उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में संबंध स्थापित किए। कुछ समय बाद महिला ने दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि धमकी के डर से उसने पहले 10 लाख रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी आरोपी महिला और उसके साथियों ने 12 लाख रुपये की और मांग रख दी। रकम न देने पर गंभीर आरोपों में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
प्रेमनगर थाना निरीक्षक अपराध प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में पूजा शर्मा समेत तीन लोगों को नामजद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 14 फरवरी सुबह करीब 10:20 बजे मुख्य आरोपी पूजा शर्मा (37), पत्नी आर्यन शर्मा, निवासी वीर सावरकर नगर, थाना इज्जतनगर, को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि उसका पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह दो बेटियों के साथ अलग रह रही है। किसी स्थायी आमदनी का जरिया न होने के कारण उसने लालच में आकर झूठी शिकायत दर्ज कराई और समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये लिए। बाद में 12 लाख रुपये और मांगने की बात भी उसने कबूल की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज़ कर दी गई है। आरोपी महिला को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।