नारद जयंती पर पत्रकारों का सम्मान: समाज में स्थिरता ला सकता है पत्रकार- अजीत महापात्र
आगरा। विश्व संवाद केंद्र बृज प्रांत द्वारा आयोजित नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारिता के आदर्श स्वरूप की चर्चा हुई और समाज के प्रति पत्रकारों की भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय गौ सेवा संयोजक अजीत महापात्र ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया और कहा, समाज में स्थिरता लाने की क्षमता पत्रकारों में होती है। नारद जी का चरित्र आज भी पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत है।
ग्वाल पैलेस, आवास विकास कॉलोनी में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। अजीत महापात्र ने नारद जी के गुणों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे भगवान श्रीकृष्ण द्वारा वर्णित एकमात्र व्यक्तित्व हैं, जिनकी विशेषता सही बात को सही समय और स्थान पर प्रकट करने की थी। उन्होंने कहा कि नारद जैसे पत्रकारों की आज के समाज में अत्यधिक आवश्यकता है।
वरिष्ठ पत्रकार व अधिवक्ता विवेक जैन की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, लेखक डॉ. भानु प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसी दौरान डॉ. सिंह की पुस्तक ‘अयोध्याः 6 दिसंबर, 1992 से 22 जनवरी, 2025 तक’ का लोकार्पण भी हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी पत्रकारिता के अनुभवों को प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों को स्मृति चिह्न, शॉल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित किये गये पत्रकारों वीरेंद्र वार्ष्णेय, राजीव सक्सेना, आदर्श नंदन गुप्त, राजीव दीक्षित, शरद चौहान (पार्षद), राजीव चतुर्वेदी और अजहर उमरी शामिल थे। इसके अतिरिक्त बृज संवाद के पत्रकार विजय गोयल, राजेश मिश्रा, वीरेंद्र चौधरी, आरती यादव, हरीकांत शर्मा, डॉ. सुमित पांडे, शुभदा, राजू आदि को भी सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना ने अपने वक्तव्य में बताया कि बृज क्षेत्र में नारद जी से जुड़े कई स्थान हैं, जैसे आगरा के जखोदा गांव का मंदिर, गोवर्धन का नारद कुंड, और नारखी का शिमला मिर्च क्षेत्र, जो उनके नाम से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि नारद जी जैसे पत्रकार तो आज भी हैं, लेकिन उन्हें संरक्षण देने वाले ब्रह्मा, विष्णु और शंकर जैसे मालिक बदल गये हैं।
विश्व संवाद केंद्र के ब्रज प्रांत के सह प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी ने बताया कि केंद्र हर वर्ष नारद जयंती का आयोजन करता है। पत्रकारों का सम्मान मनमोहन निरंकारी केशवदेव शर्मा, दिलीप गोयल, रजत सिंघल, अभिषेक फौजदार आदि ने किया।
कार्यक्रम का संचालन पश्चिम महानगर के प्रचार प्रमुख विनीत शर्मा ने किया।
उपस्थित गणमान्य लोगों में शामिल मन मोहन निरंकारी, सौरभ शर्मा, गोविंद चौधरी, आशीष मिश्रा, राजेश त्यागी, आनंद शर्मा, उमा दत्त एवं बबिता पाठक ने कल्याण मंत्र का पाठ कराया।