मथुरा में भीषण सड़क हादसा: डंपर ने ऒटो रौंदा, थार भी चपेट में आई, चार मरे, कई घायल
मथुरा। जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक और रौंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। जैत थाना क्षेत्र अंतर्गत रामताल रोड पर कृष्णा कुटीर के पास एक डंपर, थार गाड़ी और ऒटो आपस में भिड़ गये। डंपर ऒटो के ऊपर जा चढ़ा, जिससे उसमें सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। डंपर की टक्कर से थार गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है।
-घटनास्थल पर मौत का मंजर देख सिहर उठा हर कोई, सड़क पर बिखरे पड़े थे क्षत विक्षत शव
इस भयावह हादसे में जहां चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मृत लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर के नीचे आने से टेम्पो चकनाचूर हो गया जबकि थार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मृत और घायल हुए सभी लोग ऒटो में ही बैठे हुए थे। घटनास्थल पर लहूलुहान शवों की स्थिति देखकर हर कोई सन्न रह गया। सड़क पर चारों तरफ खून फैला था और शवों के टुकड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे।
सूचना मिलते ही जैत थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने हादसे का शिकार हुए तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। हादसा होने पर डंपर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर जमा हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार की घटनाएं आम हैं।