आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में घुसी बस, चालक की मौत, आधा दर्जन यात्री घायल
फतेहाबाद (आगरा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक बस तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, जिससे बस चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा एक्सप्रेसवे के 32वें माइलस्टोन पर हुआ, जब लखनऊ की ओर जा रही एक सवारी बस लगभग शुक्रवार को तड़के 3:30 बजे आगे चल रहे ट्रक से भीषण टक्कर में जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 सवारियां थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कई मीटर तक घिसटता चला गया, वहीं बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों वाहनों को हटाकर मार्ग को जल्द ही यातायात के लिए साफ कर दिया गया, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि तेज रफ्तार और वाहन के बीच सुरक्षित दूरी न बनाए रखने के कारण यह दुर्घटना हुई।