आंध्र प्रदेश में भीषण हादसा, बस में आग लगने से 20 यात्री जिंदा जले

अमरावती। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस में भीषण आग लग गई। हैदराबाद से बैंगलोर जा रही बस में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे में 20 यात्री जिंदा जल गए।​ कुरनूल जिला कलेक्टर डॉ ए सिरी ने बताया कि यह हादसा सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच हुई। जब बस एक बाइक से टकरा गई। इससे ईंधन रिसाव हुआ और आग लग गई। 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी 20 में से 11 के शवों की अब तक पहचान हो चुकी है। बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं। उधर, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भीषण बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Oct 24, 2025 - 09:12
 0
आंध्र प्रदेश में भीषण हादसा, बस में आग लगने से 20 यात्री जिंदा जले

कल्लूर मंडल के चिन्नाटेकुर के पास शुक्रवार तड़के कावेरी प्राइवेट ट्रैवल्स की एक वोलेवो बस में आग लग गई। आग बस के अगले हिस्से में लगी। इसके बाद आग धीरे-धीरे पूरी बस में फैल गई। कुछ ही देर में पूरी बस जलकर खाक हो गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

कुरनूल जिला कलेक्टर डॉ ए सिरी ने कहा कि यह दुर्घटना तब हुई, जब बस एक बाइक से टकरा गई। इस हादसे में मृत 9 की पहचान अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद बस का दरवाजा जाम हो गया था और वह नहीं खुला। इसके चलते बस में सवार लोग हादसे का शिकार हो गए। मरने वालों में बाइक सवार भी शामिल है।

टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे आ गई और इसके ईंधन टैंक का ढक्कन खुल गया जिससे आग लग गई। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों से बात की और दुर्घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी उच्च-स्तरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर बचाव कार्यों में शामिल होने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि घायलों और पीड़ितों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाए। घायलों को बेहतर चिकित्सा उपचार प्रदान किया जाना चाहिए।
ऐसा लग रहा है कि बस चालक और क्लीनर हादसे में बाल-बाल बच गए। पुलिस मौके पर पहुँची और बचाव कार्य शुरू किया। यह हादसा कुरनूल से 20 किलोमीटर दूर हुआ। घटना का पूरा विवरण अभी पता नहीं चल पाया है।