बरेली में भीषण हादसाः दिवाली पर घर जाते लोगों की वैन बस से टकराई, तीन मरे और दस घायल
-आरके सिंह- बरेली। जिले के भुता थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। दीपावली पर घर लौट रहे यात्रियों से भरी ईको वैन बीसलपुर रोड पर सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए, तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दस गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार के बीच पुलिस व फायर ब्रिगेड ने टॉर्च की रोशनी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
यह हादसा शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईको वैन तेज रफ्तार में बरेली से बीसलपुर (पीलीभीत) की ओर जा रही थी। चालक लगातार ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बस (नंबर UP 14 GT 2864) से वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको वैन के टुकड़े-टुकड़े हो गए और कई यात्री अंदर ही फंस गए।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। एसआई उदयराज की अगुवाई में टीम ने कटर से वैन की बॉडी काटकर यात्रियों को बाहर निकाला। तीन यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि बाकी दस को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।
मरने वालों की पहचान
मृतकों में चालक राकेश (35) निवासी खगड़िया, गौरव (19) निवासी लहुआ और जितेंद्र (20) निवासी खदेवा खुर्रा, पीलीभीत शामिल हैं।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि हादसे में तीन की मौत हुई है और दस घायलों का इलाज कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग का प्रयास पाई गई है। चार घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
दीपावली पर मातम में बदली घर वापसी
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री दीपावली मनाने घर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बीसलपुर रोड देर रात तक खून और टूटे हुए वाहन के हिस्सों से पटा रहा।