बरेली में 11 दिन बाद खौफनाक खुलासा: महिला इवेंट मैनेजर की हत्या उसी के पार्टनर ने की थी, जंगल से शव बरामद

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली में लापता महिला इवेंट मैनेजर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने 11 दिन बाद उसका शव जंगल से बरामद किया है। इस जघन्य हत्याकांड में युवती का इवेंट मैनेजमेंट पार्टनर ही कातिल निकला। काम और पैसों के विवाद ने रिश्ते को खून में बदल दिया। आरोपी की निशानदेही पर रिठौरा के जंगल में करीब पांच फीट गहरे गड्ढे से शव बरामद किया गया।

Jan 23, 2026 - 18:53
Jan 23, 2026 - 18:58
 0
बरेली में 11 दिन बाद खौफनाक खुलासा: महिला इवेंट मैनेजर की हत्या उसी के पार्टनर ने की थी, जंगल से शव बरामद
महिला इवेंट मैनेजर पूजा की फोटो, जिसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि 12 जनवरी से लापता युवती की हत्या की गुत्थी 11 दिन की गहन जांच के बाद सुलझाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और परिस्थितियों की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी। फिलहाल आरोपी से सघन पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था।

एसपी सिटी के अनुसार बारादरी थाना क्षेत्र के दुर्गानगर की रहने वाली 30 वर्षीय पूजा शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में इवेंट मैनेजमेंट का कार्य करती थी। इसी व्यवसाय में रिठौरा निवासी युवक विमल उसका पार्टनर था। दोनों के बीच लंबे समय से काम और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस ने युवती की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पूजा को एक युवक के साथ जाते हुए देखा गया। इसी आधार पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में वह टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली।

जांच में सामने आया कि 12 जनवरी की दोपहर पूजा अपने पार्टनर विमल के साथ घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर तलाश तेज की गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में मफलर से पूजा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि एसपी सिटी मानुष पारीक ने स्पष्ट किया कि आरोपी के बयान को अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता, हत्या के पीछे अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को रिठौरा के जंगल में ले जाकर गड्ढा खोदकर दफना दिया था। उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका के पिता प्रेम सिंह ने बताया कि पूजा 12 जनवरी को अपनी मां महेंद्र देवी और बहन शालिनी से शादी समारोह के एक इवेंट में जाने की बात कहकर स्कूटी से निकली थी। देर रात तक घर न लौटने पर चिंता बढ़ी। अगले दिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पिता ने आरोप लगाया कि पूजा तीन अंगूठियां, दो चेन, पेंडेंट और कुंडल पहने हुए थी। उनका कहना है कि लूट के इरादे से भी हत्या की गई हो सकती है।

थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडे ने बताया कि मामले में प्रेम प्रसंग की आशंका से भी जांच की जा रही है। आरोपी और मृतका के संबंधों, लेनदेन और घटनाक्रम के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor