सिकंदरा उत्तर और दयालबाग के 16912 घरों को जल्द मिलेगा गंगाजल, शिलान्यास संग लाइन डालने का काम शुरू

आगरा। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के अथक प्रयास से अब सिकंदरा उत्तरी व दयालबाग क्षेत्र के क़रीब 1.25 लाख लोगों को जल्द ही 24 घंटे गंगाजल मिलना शुरू हो जाएगा। आज योजना को मूर्तरूप देने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता और विधायक खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन किया।

Oct 19, 2024 - 18:21
 0
सिकंदरा उत्तर और दयालबाग के 16912 घरों को जल्द मिलेगा गंगाजल, शिलान्यास संग लाइन डालने का काम शुरू
सिकंदरा उत्तर और दयालबाग क्षेत्र में गंगाजल प्रोजेक्ट के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल। मंचस्थ हैं केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल एवं अन्य।

योजना के पूरी होने के बाद सिकंदरा उत्तर  और दयालबाग के 6 वार्डों  में पानी का संकट दूर हो जाएगा। दयालबाग क्षेत्र की 36 कॉलोनी के निवासी पिछले कई महीनों से गंगाजल दिलाए जाने की माँग कर रहे थे। तभी से विधायक खंडेलवाल शासन स्तर पर प्रयासरत थे। अंततः उन्हें सफलता मिली। 

गंगाजल परियोजना के तहत 95.73 करोड़ रुपये की लागत से पानी की पाइप लाइन डालने का काम शुरू होगा। न्यू आगरा और दयालबाग के 6 वार्डों में अब तक पानी की पाइप लाइन ही नहीं थी।

हवन पूजन के साथ हुआ भूमि पूजन 

न्यू सुभाष नगर, फेस-2, लॉयर्स कॉलोनी में भूमि पूजन कार्यक्रम  हुआ। केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता और विधायक खंडेलवाल ने हवन पूजन के बाद नारियल फोड़कर योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन भरत शर्मा ने किया।

चेहरों पर छाईं खुशियां

न्यू आगरा और दयालबाग की दर्जनभर से अधिक कालोनियों में पानी की पाइप लाइन नहीं थी। यहां के लोग सबमर्सिबल और हैंडपंप के पानी पर ही निर्भर थे। गर्मियों में भूमिगत पानी का स्तर गिर जाने पर संकट गहरा जाता था। लोग एक-एक बाल्टी पानी को तरसते थे। कार्य के शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों के चेहरे खिल उठे। 

127 किमी लंबी बिछेगी लाइन 

इस योजना के तहत लगभग 127 किमी लंबी पाइप लाइन डाली जाएगी। तीन वाटर टैंक बनाए जाएँगे, जिसमें से दो वाटर टैंक भूमिगत होंगे। लाइन डलने के बाद क़रीब 16,952 घरों को गंगाजल की आपूर्ति प्रारंभ हो जाएगी। योजना लगभग 18 महीने में पूरी होगी।

SP_Singh AURGURU Editor