कैलाश मंदिर में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, एक ही जलहरि में दो शिवलिंग के दर्शन को उमड़ी भीड़

आगरा। सावन के तीसरे सोमवार को आज कैलाश महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यमुना किनारे स्थित इस प्राचीन मंदिर में अल सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए शिवभक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कैलाश महादेव के अलावा शहर के अन्य शिवालयों पर भी भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है।

Jul 28, 2025 - 13:31
 0
कैलाश मंदिर में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, एक ही जलहरि में दो शिवलिंग के दर्शन को उमड़ी भीड़
 कैलाश महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते कांवड़िए और दर्शन को उमड़े श्रद्धालुओं की भीड़।

दूरदराज़ से आए कांवड़िए भोर में ही मंदिर पहुंचे और महादेव का गंगाजल से अभिषेक किया। कैलाश मंदिर की मान्यता त्रेता युग से जुड़ी है, जब भगवान परशुराम और उनके पिता ने कैलाश पर्वत से लाकर दो शिवलिंगों की स्थापना की थी। यह दुनिया का एकमात्र शिव मंदिर है, जहां एक ही जलहरि में दो शिवलिंग स्थापित हैं।

मंदिर परिसर में आज पैर रखने की जगह नहीं है। भक्तों का हुजूम सुबह से ह उमड़ रहा है। कैलाश मंदिर के अलावा शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों, बल्केश्वर महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव, राजेश्वर महादेव, रावली महादेव, श्रीमनःकामेश्वर और बटेश्वर धाम मंदिर में भी रुद्राभिषेक और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ रही। बस्तियों और कॉलोनियों के छोटे शिवालयों में भी पूजा-पाठ की गूंज रही।

कैलाश मेले में उमड़ी रौनक

आज कैलाश का पारंपरिक मेला भी है, जिस कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई। सिकंदरा क्षेत्र में विभिन्न दुकानें, झूले और खाद्य स्टॉल सजे हैं। सिकंदरा स्मारक के पास लगे विशाल झूलों में बच्चे-बड़े आनंदित दिखे।

ट्रैफिक किया गया डायवर्ट

श्रद्धालुओं की संख्या और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। आगरा-मथुरा हाईवे पर वाहनों को सिकंदरा की ओर नहीं जाने दिया जा रहा। गुरुद्वारा गुरु के ताल पर ट्रैफिक रोकने की व्यवस्था की गई है। मथुरा से आने वाले वाहनों को रुनकता से डायवर्ट कर शहर में प्रवेश दिया जा रहा है। बोदला से सिकंदरा जाने वाले वाहनों को सिकंदरा फ्लाईओवर पर रोक दिया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor