मथुरा में केमिकल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग हाईवे पर फैली, चालक और हेल्पर घायल

मथुरा। जयपुर-बरेली हाईवे पर आज सुबह एक एथेनॉल लिक्विड से भरा टैंकर पलट गया, जिससे तेज धमाके के साथ टैंक फट गया और आग ने विकराल रूप ले लिया। टैंकर चालक ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि हेल्पर और चालक को चोटें आईं।

Aug 20, 2025 - 21:10
 0
मथुरा में केमिकल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग हाईवे पर फैली, चालक और हेल्पर घायल
मथुरा में हाईवे पर बुधवार तड़के टैंकर में लगी भीषण आग का भयावह दृश्य।

आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां और रिफाइनरी की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग तड़के लगभग 4 बजे लगी और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रण में आई। आग बुझाने के दौरान किशन सिंह और फायरमैन शाकिर झुलस गए।

दमकल अधिकारी ने बताया कि टैंकर में कुल चार टैंक थे, जिनमें से एक फट चुका था। टैंकर में केमिकल भरा होने की वजह से आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मांट, भूतेश्वर और रिफाइनरी की टीमें लगातार आग पर नियंत्रण बनाए रखने में लगी रही। पांच दमकल गाड़ियों ने पानी के प्रेशर का इस्तेमाल कर आग को लगभग चार घंटे में बुझाया।

टैंकर धान बायो ऑर्गेनिक प्लांट से रवाना हुआ था और मथुरा रिफाइनरी जा रहा था। आग लगने के समय टैंकर के चार टैंकों में से एक टैंक फट गया था।

SP_Singh AURGURU Editor