मैंने भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध होने से रोका: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया को चौंकाते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध की आशंका मंडरा रही थी, लेकिन उन्होंने उस युद्ध को ट्रेड डिप्लोमेसी के ज़रिये टाल दिया।
ट्रंप के मुताबिक, मैंने दोनों देशों से साफ कहा कि अगर युद्ध हुआ, तो अमेरिका किसी से व्यापार नहीं करेगा। जब तक आप शांत नहीं होंगे, हमारे दरवाजे बंद रहेंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी सरकार के विदेश मंत्री रूबियो और टीम के अन्य सदस्य भी इस मसले को सुलझाने में सक्रिय रहे।
भारत-पाक रिश्तों पर रहा था तनावपूर्ण माहौल
यह दावा ऐसे समय सामने आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम की आतंकी घटना और भारत द्वारा शुरू किये गए ऒपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के रिश्ते गंभीर रूप से तनावपूर्ण हो गए थे और अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने दखल देना शुरू कर दिया था।
भारत की प्रतिक्रिया अब तक नहीं
अब तक भारत सरकार की तरफ से ट्रंप के इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं पाकिस्तान की ओर से भी कोई औपचारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन कूटनीतिक गलियारों में इस बयान की गूंज सुनाई देने लगी है।