मैं तो अपनी दुकान यहीं लगाऊंगा ...और बटेश्वर में चल गए लाठी-डंडे, पांच घायल
पुलिस सर्किल बाह के पिनाहट और बाह थाना क्षेत्र में शनिवार को मारपीट के साथ ही कुछ सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इसमें कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
बाह। थाना बाह क्षेत्र के तीर्थ बटेश्वर में दुकान लगाने की जगह को लेकर दो पक्ष इतने उग्र हो गए कि लाठी-डंडे चल गए। संघर्ष में दोनों तरफ के पांच लोग गंभीर घायल हुए हैं। दीपोत्सव पर जिन्हें घरों पर त्यौहार की खुशियां मनानी थीं, वे अब अस्पताल में उपचाररत हैं।
बटेश्वर निवासी सुमित अपनी पत्नी शिवानी के साथ बटेश्वर में पूजा सामग्री की दुकान लगाकर अपने परिवार का गुजारा करता है। गांव के ही निवासी विपिन कुमार ने शुक्रवार की देर शाम सुमित की दुकान के सामने तख्त डालकर अपनी दुकान लगा ली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले गाली गलौज हुई और फिर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमलावर हो गए।
लाठी डंडों से एक-दूसरे पर प्रहार किया गया। इसमें सुमित और उसकी पत्नी शिवानी एवं दूसरे पक्ष के विपिन कुमार, रामनरेश, बंटी गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत की जांच भी कर रही है।
कार ने बाइक में मारी टक्कर भाई-बहन गंभीर घायल
बाह। थाना बाह क्षेत्र में कैंजरा तिराहे पर एक कार चालक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार बहन-भाई घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी केंद्र पर भर्ती कराया गया है। घायलों के नाम उसरारी, दिबियापुर निवासी रोशन लाल (26 वर्ष) और उसकी बहन सुरती है।
ब्रेकर पर बाइक से उछलकर गिरी महिला गंभीर घायल
बाह। थाना क्षेत्र में भाऊपुरा के पास एक महिला सड़क पर लगे ब्रेकर पर उछलकर बाइक से गिर पड़ी और गंभीर घायल हो गई।
बाइक तेज रफ्तार में थी और चालक को ब्रेकर का अंदाजा नहीं हुआ। ब्रेकर पर लगे झटके से महिला बाइक से गिर पड़ी। गंभीर चोटें होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद वहां से आगरा के लिए रैफर कर दिया गया।
छोटी सी बात पर दो महिलाओं को डंडों से पीटा
बाह। थाना बाह के विद्यारामपुरा बिजौली में छोटी सी बात को लेकर दो पक्षों में हुए झगड़े में घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट कर दी गई। घायल हुई महिलाओं को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। झगड़ा एक जगह पर करब के गट्ठर रखने को लेकर हुआ। दबंग पक्ष के लोग एक घर में घुस गए और महिलाओं के साथ लाठी डंडों से मारपीट की। इसमें दो महिलाएं घायल हुई हैं। इस झगड़े का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल महिलाओं में 65 वर्षीय माया देवी और उनकी पुत्रवधु रेखा (30 वर्ष) है। मारपीट का आरोप आलोक, अनुज, अभिषेक, सोनम, खुशबू और मनीषा पर लगा है।
हत्या के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र के अर्जुनपुरा में पिछले सप्ताह कुछ दबंगों द्वारा एक प्रौढ़ पर किए गए जानलेवा हमले में उसके बुरी तरह घायल और बाद में उसकी मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उधारी के रुपए मांगने पर दबंदों ने इस व्यक्ति को लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से वार कर गंभीर घायल कर दिया था। अस्पताल में उपचार के दौरान छह दिन बाद उसकी मौत हो गई थी।
मौत होने के बाद मृतक के परिजनों ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। केस दर्ज कराने के लिए भी परिजनों को हंगामा करना पड़ा था। आज पुलिस ने इस मामले के आरोपी खुशीराम उर्फ खुशिया गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। शेष तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।